एक ही कहानी से निकली दो फिल्मी दुनिया, लेकिन अब दोनों की राहें अलग और रोमांच पहले से कहीं ज्यादा होने वाला है। अजय देवगन की सुपरहिट फिल्म फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ एक बार फिर दर्शकों को उलझे हुए राज, परिवार और पुलिस की चालों के बीच ले जाने के लिए तैयार है। वहीं दूसरी तरफ मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल ने भी इस कहानी को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ कर दिया है। यानी आने वाले समय में दर्शकों को ‘दृश्यम’ की दो अलग-अलग दुनिया देखने को मिल सकती हैं।
अजय देवगन फिर बने विजय सालगांवकर
हिंदी दर्शकों के लिए सबसे बड़ी खबर अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ को लेकर है। 24 अगस्त को फिल्म का ऐलान करते हुए मेकर्स ने इसका फर्स्ट लुक भी सामने रखा। इस बार फिल्म को ‘दृश्यम: द कॉन्क्लूजन’ नाम दिया गया है, जिससे कहानी को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है। सबसे खास बात यह है कि अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आएंगे। वही विजय, जो अपने परिवार को बचाने के लिए ऐसी कहानी बुन देता है कि पुलिस भी उसके सामने कई बार उलझती नजर आती है। फिल्म की रिलीज डेट भी तय कर दी गई है। ‘दृश्यम 3’ 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी। यानी दर्शकों को इस सस्पेंस थ्रिलर के लिए अब ज्यादा लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
कौन-कौन होगा कहानी में?
अजय देवगन के साथ इस बार फिल्म की कास्ट भी काफी दिलचस्प नजर आ रही है। रजत कपूर, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज जैसे कलाकार फिल्म का हिस्सा होंगे। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि विजय सालगांवकर के सामने इस बार चुनौती पहले से ज्यादा बड़ी हो सकती है। क्योंकि ‘दृश्यम 3’ के फर्स्ट लुक पोस्टर पर अजय देवगन की सिर्फ आंख दिख रही है। जिस पर लिखा है, ‘मेरा सही, सिर्फ मेरी, फैमिली है’ इसी पोस्ट के साथ अजय देवगन ने एक्स पर लिखा, ‘हर इंसान का नजरिया अलग होता है… मेरे लिए मेरी फैमिली ही सब कुछ है।’
फर्स्ट लुक में अजय देवगन की आंखों में छिपा रहस्य साफ दिखाई देता है। उनका लुक ही यह सवाल खड़ा करता है कि आखिर विजय के पास अब कौन सा राज है और क्या वह एक बार फिर अपने परिवार को मुसीबत से बचाने में कामयाब होगा? वहीं निर्देशन की बात करें तो फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक करेंगे।
मोहनलाल भी लेकर आएंगे “दृश्यम 4”
अब कहानी का दूसरा और दिलचस्प हिस्सा भी जान लीजिए। ‘दृश्यम’ की मूल मलयालम फिल्म के सुपरस्टार मोहनलाल भी इस फ्रेंचाइजी को आगे ले जाने की तैयारी में हैं। मोहनलाल की फिल्म में जॉर्जकुट्टी का किरदार दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। प्रोड्यूसर एंटनी पेरुंबवूर ने एक कार्यक्रम के दौरान साफ कर दिया कि मोहनलाल स्टारर ‘दृश्यम 4’ भी बनाई जाएगी।
एक कहानी, दो दुनिया और ढेर सारे सवाल
‘दृश्यम’ की सबसे बड़ी ताकत उसका सस्पेंस रहा है। यही वजह है कि मलयालम से लेकर हिंदी तक इस फ्रेंचाइजी ने दर्शकों को अपनी कहानी से बांधे रखा है। फैंस के मन में भी अब यही सवाल है कि अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ में विजय सालगांवकर का अगला दांव क्या होगा? क्या वह फिर पुलिस से एक कदम आगे रहेगा या इस बार कोई ऐसा राज सामने आएगा, जो पूरी कहानी को बदल देगा? और दूसरी तरफ जॉर्जकुट्टी की कहानी ‘दृश्यम 4’ में किस मोड़ पर पहुंचेगी? इन सवालों के जवाब आने वाले समय में मिलेंगे। फिलहाल इतना तय है कि ‘दृश्यम’ की ये फ्रेंचाइजी फिर से एक बार धमाकेदार सस्पेंस लेकर दर्शकों के बीच आने वाली है।

