• info@thevaarta.com

एक राज, कई सवाल… क्या बच पाएगा विजय? रिलीज हुआ ‘दृश्यम 3’ का दमदार ट्रेलर, बढ़ा सस्पेंस

एक राज, कई सवाल… क्या बच पाएगा विजय? रिलीज हुआ ‘दृश्यम 3’ का दमदार ट्रेलर, बढ़ा सस्पेंस

अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित क्राइम थ्रिलर ‘दृश्यम 3’, जिसे ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ के नाम से भी पेश किया जा रहा है, को लेकर दर्शकों का इंतजार अब और बढ़ गया है। सालों से रहस्य, चालाकी और पुलिस की आंखों में धूल झोंकने वाली विजय सालगांवकर की कहानी अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंचती नजर आ रही है। मेकर्स ने बुधवार, 9 सितंबर को फिल्म का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर जारी कर दिया, जिसने रिलीज से पहले ही फिल्म को लेकर माहौल गर्म कर दिया है।

गोवा में हुआ ट्रेलर लॉन्च
‘दृश्यम 3’ का ट्रेलर किसी सामान्य प्रमोशनल इवेंट में लॉन्च करने के बजाय पणजी, गोवा में पेश किया गया। यह जगह फिल्म की कहानी की दुनिया से खास तौर पर जुड़ी हुई है। ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म के किरदारों, कहानी और आगे होने वाले बड़े खुलासों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। ट्रेलर की सबसे खास बात इसका रहस्यमयी माहौल है। शुरुआत से ही ऐसा महसूस होता है कि पिछली फिल्मों में जिस कहानी को दर्शकों ने एक नजरिए से देखा था, अब उसके कई छिपे हुए पहलू सामने आने वाले हैं। मेकर्स ने भी फिल्म के ट्रेलर के साथ लाइन दी है – ‘हर दृश्य एक सवाल है, हर राज एक जवाब।’

क्या इस बार विजय की चाल काम आएगी?
ट्रेलर की शुरुआत तब्बू के किरदार से होती है, जो सौरभ शुक्ला के किरदार से विजय की कहानी के अगले अध्याय को लेकर सवाल करती नजर आती हैं। वह जानना चाहती हैं कि अगर विजय की कहानी को आगे बढ़ाया जाए तो वह इस बार क्या करेगा। इसके जवाब में सौरभ शुक्ला का किरदार भी सीधे तौर पर कोई जवाब नहीं देता। उनका अंदाज यही संकेत देता है कि विजय सालगांवकर को समझना इतना आसान नहीं है। इसके बाद कहानी तेजी से रहस्य और तनाव की तरफ बढ़ती दिखाई देती है।

अजय देवगन की आवाज के साथ ट्रेलर में सबूत और मजबूत एविडेंस की चर्चा होती है। दूसरी तरफ श्रिया सरन और इशिता दत्ता के किरदार कुछ कागज जलाते नजर आते हैं। ये दृश्य कहानी में किसी पुराने राज के दोबारा सामने आने का संकेत देते हैं।

न्याय नहीं, बदले की तलाश में है तब्बू का किरदार
ट्रेलर में रजत कपूर का किरदार अपने बेटे के लिए इंसाफ की मांग करता दिखाई देता है। वहीं तब्बू का किरदार इससे एक कदम आगे बढ़कर सिर्फ न्याय नहीं, बल्कि बदला लेने की बात करता है। यही वह बिंदु है जहां कहानी का तनाव और बढ़ता नजर आता है। एक तरफ सालगांवकर परिवार अपने पुराने राज को बचाए रखने की कोशिश करता दिखाई देता है, तो दूसरी तरफ पुलिस और विरोधी पक्ष इस बार पहले से ज्यादा तैयारी के साथ मैदान में नजर आ रहे हैं।

प्रकाश राज और जयदीप अहलावत ने बढ़ाई मुश्किलें
‘दृश्यम 3’ के ट्रेलर में नए कलाकारों की एंट्री भी काफी प्रभावशाली है। प्रकाश राज एक वकील के किरदार में नजर आ रहे हैं। उनका किरदार विजय को हल्के में लेने के मूड में नहीं है। उनके संवाद से साफ संकेत मिलता है कि इस बार विजय के सामने ऐसा प्रतिद्वंद्वी है, जो उसकी चाल को समझने की पूरी कोशिश करेगा।

इसके बाद जयदीप अहलावत की एंट्री होती है, जो क्राइम ब्रांच के एसपी की भूमिका में नजर आ रहे हैं। उनका किरदार भी बेहद सख्त और आत्मविश्वास से भरा दिखाई देता है। ट्रेलर में उनका अंदाज बताता है कि वह विजय और उसके परिवार के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं।

सालगांवकर परिवार फिर मुश्किल में
फिल्म के नए पोस्टर में अजय देवगन, श्रिया सरन, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव समेत सालगांवकर परिवार के सदस्यों की झलक दिखाई गई थी। परिवार पुलिस फोर्स की तरफ देखता नजर आता है। पोस्टर के साथ अजय देवगन ने भी कहानी में बढ़े खतरे का संकेत दिया।

‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की पिछली दोनों फिल्मों में विजय ने अपने परिवार को बचाने के लिए जिस तरह की रणनीति अपनाई, उसने दर्शकों को खूब प्रभावित किया था। लेकिन तीसरे और अंतिम अध्याय में हालात पहले से ज्यादा मुश्किल दिखाई दे रहे हैं। इस बार सिर्फ पुलिस ही नहीं, बल्कि कई नए किरदार भी विजय के सामने खड़े हैं

फाइनल चैप्टर में खुलेगा सबसे बड़ा राज?
ट्रेलर को देखकर इतना जरूर कहा जा सकता है कि ‘दृश्यम 3’ में सस्पेंस का स्तर पहले के मुकाबले और ऊंचा रखने की कोशिश की गई है। पुराने किरदारों की वापसी के साथ नए चेहरे कहानी में कौन सा मोड़ लेकर आएंगे, यह फिल्म देखने के बाद ही साफ होगा। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या विजय सालगांवकर एक बार फिर अपने परिवार को बचाने में कामयाब होगा या इस बार उसकी बनाई कहानी का सच सामने आ जाएगा? ट्रेलर ने इस सवाल का जवाब देने के बजाय दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। फिल्म को लेकर फैंस की बेसब्री अब साफ तौर पर देखने को मिल रही है।

Related Articles

Leave a Reply