• info@thevaarta.com

गणेश चतुर्थी पर ‘जय जय राम’ से गूंजा ‘रामायण’ का संसार, रणबीर-साई की दिव्य झलक ने जीता फैंस का दिल

गणेश चतुर्थी पर ‘जय जय राम’ से गूंजा ‘रामायण’ का संसार, रणबीर-साई की दिव्य झलक ने जीता फैंस का दिल

साल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ को लेकर फैंस का इंतजार अब धीरे-धीरे रोमांच में बदल रहा है। गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर फिल्म के मेकर्स ने इसका पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज कर दिया है। गाने के साथ ही फिल्म की म्यूजिक जर्नी भी शुरू हो गई है। इसमें रणबीर कपूर और साई पल्लवी भगवान राम और माता सीता के दिव्य रूप में नजर आ रहे हैं। गाने के आध्यात्मिक अंदाज और भव्य प्रस्तुति ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।

‘जय जय राम’ के साथ शुरू हुआ भक्ति और संगीत का सफर
‘रामायण पार्ट 1’ का पहला गाना ‘जय जय राम’ एक खास टीम ने तैयार किया है। इस भक्ति गीत को ए.आर. रहमान ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। गाने को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। गणेश चतुर्थी के मौके पर रिलीज हुए इस गाने को फिल्म के म्यूजिकल सफर की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। इससे पहले मेकर्स ने ‘सिया राम’ पोस्टर जारी किया था, जिसमें रणबीर कपूर और साई पल्लवी की राम-सीता के रूप में पहली झलक ने दर्शकों का ध्यान खींचा था।

भक्ति के सुरों में दिखी राम की करुणा
‘जय जय राम’ को एक फिल्मी गाने के तौर पर नहीं, बल्कि भक्ति और सिनेमाई अनुभव के मेल के रूप में पेश किया गया है। गाने में आरती का आध्यात्मिक भाव सुनाई देता है, वहीं इसका संगीत इसे बड़े पर्दे के अनुरूप भव्य रूप देता है। गीत के बोल भगवान राम की करुणा, धर्म के प्रति उनकी निष्ठा और अपने भक्तों की रक्षा करने वाली छवि को सामने रखते हैं। लगातार गूंजती राम नाम की स्तुति गाने को भक्तिमय माहौल देती है।

‘सिया राम’ पोस्टर के बाद अब गाने ने बढ़ाई हलचल
‘जय जय राम’ की रिलीज से पहले मेकर्स ने ‘सिया राम’ पोस्टर के जरिए फिल्म के राम और सीता की झलक दिखाई थी। रणबीर कपूर और साई पल्लवी के लुक को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई। अब गाने में दोनों की झलक ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।

दो हिस्सों में आएगी ‘रामायण’, स्टारकास्ट भी दमदार
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ को दो हिस्सों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं सनी देओल फिल्म में हनुमान का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म की स्टारकास्ट में रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर और लारा दत्ता समेत कई कलाकार शामिल हैं।

दिवाली पर होगा महामुकाबला
‘रामायण पार्ट 1’ को भारत में 8 नवंबर को दिवाली के मौके पर रिलीज करने की तैयारी है। वहीं फिल्म के दूसरे पार्ट को दिवाली 2027 में रिलीज करने की योजना है। फिल्म का ट्रेलर पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता पैदा कर चुका है और अब ‘जय जय राम’ के रिलीज होने के बाद प्रमोशन कैंपेन ने नया मोड़ ले लिया है। ऐसे में नवंबर में सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले ‘रामायण’ के मेकर्स संगीत और विजुअल्स के जरिए दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर माहौल बनाने में जुट गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply