Gold Silver Price: दो कारोबारी दिनों की कमजोरी के बाद सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को एक बार फिर तेजी देखने को मिली। घरेलू वायदा बाजार में दोनों कीमती धातुओं ने बढ़त के साथ कारोबार शुरू किया। चांदी में तो करीब 3 हजार रुपये से ज्यादा का उछाल दर्ज किया गया है। ऐसे में अगर आप आज सोना या चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो पहले अपने शहर का ताजा भाव जरूर जान लें।
MCX पर सोना और चांदी दोनों महंगे
बुधवार सुबह करीब 9 बजे मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर सोने की कीमत 976 रुपये बढ़कर 1,51,785 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गई। पिछले दो सत्रों में गिरावट के बाद सोने में आई यह तेजी बाजार में फिर से खरीदारी बढ़ने का संकेत दे रही है।
दूसरी ओर, चांदी ने सोने के मुकाबले ज्यादा तेज बढ़त दिखाई। MCX पर चांदी 3,082 रुपये उछलकर 2,35,200 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास कारोबार कर रही थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं को मजबूती मिली है। कॉमैक्स पर सोने में करीब 0.88 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई और इसका भाव लगभग 4,370 डॉलर प्रति औंस रहा। वहीं चांदी करीब 1.96 फीसदी की तेजी के साथ 65 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार करती दिखी।
आपके शहर में 22K और 24K सोना कितना महंगा?
16 सितंबर को सराफा बाजार के खुदरा भावों पर नजर डालें तो अलग-अलग शहरों में सोने की कीमत में मामूली अंतर दिखाई दे रहा है। नई दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1,51,790 रुपये प्रति 10 ग्राम, जबकि 22 कैरेट सोना लगभग 1,39,141 रुपये है। मुंबई में 24 कैरेट सोना करीब 1,52,050 रुपये और 22 कैरेट 1,39,379 रुपये प्रति 10 ग्राम है। लखनऊ में 24 कैरेट सोना करीब ₹1,50,270 से ₹1,50,619, 22 कैरेट ₹1,37,650 से ₹1,38,362 और 18 कैरेट ₹1,12,700 से ₹1,15,690 प्रति 10 ग्राम के आसपास है।
इसी तरह बेंगलुरु में 24 कैरेट सोना लगभग 1,52,170 रुपये, जबकि चेन्नई में इसका भाव करीब 1,52,500 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। ध्यान रखें कि ज्वेलरी खरीदते समय मेकिंग चार्ज, GST और अन्य शुल्क जुड़ने के कारण आपको वास्तविक भुगतान इन दरों से अधिक करना पड़ सकता है।
चांदी का शहरवार भाव
चांदी की कीमतों में भी तेजी का असर सराफा बाजार में नजर आ रहा है। 999 फाइन सिल्वर के भाव की बात करें तो नई दिल्ली में करीब 2,34,070 रुपये प्रति किलो चांदी का भाव है।
मुंबई में 999 फाइन सिल्वर लगभग 2,34,480 रुपये, जबकि बेंगलुरु में करीब 2,34,660 रुपये प्रति किलोग्राम है। वहीं हैदराबाद में चांदी लगभग 2,34,850 रुपये और चेन्नई में करीब 2,35,160 रुपये प्रति किलो के आसपास है। लखनऊ में चांदी की बात करें तो चांदी ₹2,28,741 से ₹2,32,099 प्रति किलोग्राम के करीब है।
क्यों बढ़ रही हैं कीमतें?
सोने और चांदी में हाल के महीनों में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। वैश्विक स्तर पर आर्थिक और भू-राजनीतिक अनिश्चितता के बीच निवेशकों की नजर सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने पर बनी हुई है। चांदी को औद्योगिक मांग के साथ-साथ निवेश मांग से भी समर्थन मिल रहा है। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया है। हालांकि सितंबर के दौरान चांदी में कुछ नरमी देखने को मिली थी, लेकिन इसकी कीमतें अब भी पिछले स्तरों की तुलना में काफी ऊंची हैं।

