तहसीलें हुआ करती थी लूट का अड्डा, अब मैं कह सकता हूँ न कर्फ्यू है न दंगा है : मुख्यमंती योगी आदित्यनाथ
बुलंदशहर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बुलंदशहर में 574 करोड़ रुपये की लागत वाली 57 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं तथा समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में हर जिले में माफिया और हर थाने में समाजवादी पार्टी से जुड़े गुंडे-गुर्गे वसूली करते थे। तहसीलें वसूली के अड्डे बन चुकी थीं, महिलाएं असुरक्षित थीं, व्यापारी परेशान था और युवाओं के रोजगार पर भी डकैती पड़ती थी। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अपने वादे को पूरा किया। उन्होंने कहा, “हमने कहा था माफिया को मिट्टी में मिलाएंगे, मिलाकर दिखा दिया।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “अब न कर्फ्यू है, न दंगा… बुलंदशहर चंगा है।”
महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यदि कोई उनकी सुरक्षा में सेंध लगाएगा तो उसके लिए “दो ही जगह होंगी – जेल या जहन्नुम, तीसरी जगह नहीं होगी।” उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने संवैधानिक कर्तव्यों का पूरी मजबूती से निर्वहन किया है।

