6 साल की लव मैरिज का खौफनाक अंत, पत्नी ने पति को सांप से डसवाया!
वैन ड्राइवर से अफेयर और 20 लाख की बीमा पालिसी बनी मौत की वजह
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर में स्कूल संचालक अतुल पंवार की मौत के मामले में पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है जिसने सभी को चौंका दिया। पुलिस का आरोप है कि छह साल पहले प्रेम विवाह करने वाली पत्नी दामिनी ने अपने कथित प्रेमी और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। मामले में पत्नी, उसके कथित प्रेमी तुषार उर्फ निक्की समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया
पुलिस के अनुसार, अतुल और दामिनी ने वर्ष 2019 में परिवार के विरोध के बावजूद प्रेम विवाह किया था और दोनों मिलकर कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल का संचालन करते थे। जांच में सामने आया कि स्कूल में ड्राइवर के रूप में कार्यरत तुषार के साथ दामिनी की नजदीकियां बढ़ीं और दोनों लगातार संपर्क में रहने लगे। पुलिस का दावा है कि इसी कथित संबंध ने हत्या की साजिश को जन्म दिया।
जांच के मुताबिक, वारदात वाली रात अतुल को पहले दूध में नींद की गोलियां दी गईं। इसके बाद कथित तौर पर जहरीले सांप का इस्तेमाल कर मौत को प्राकृतिक हादसा दिखाने की कोशिश की गई। अगली सुबह दामिनी पति को अस्पताल लेकर पहुंची और दावा किया कि उन्हें रात में सांप ने काट लिया था। डॉक्टरों ने अतुल को मृत घोषित कर दिया।
हालांकि घटनास्थल पर बिस्तर के अंदर सांप मिलने और परिस्थितियों में कई विसंगतियां देखकर पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू हुई। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच में दामिनी और तुषार के बीच लगातार संपर्क के प्रमाण मिले। पूछताछ के दौरान तुषार से मिले इनपुट के आधार पर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में 20 लाख रुपये की बीमा राशि और कथित प्रेम संबंध इस अपराध के संभावित कारण के रूप में सामने आए हैं। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

