महिला Asia Cup 2026 में शनिवार को क्रिकेट फैंस को एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा। दोनों पड़ोसी देशों की महिला टीमें ग्रुप-ए के मुकाबले में दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है, ऐसे में उसकी नजर अब ग्रुप स्टेज का सफर जीत के साथ खत्म करने और अंक तालिका में अपना दबदबा बनाए रखने पर होगी।
दो बड़ी जीत के साथ भारत का शानदार आगाज
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। भारत ने अपने शुरुआती मुकाबले में थाईलैंड को 94 रन से शिकस्त दी। इसके बाद हांगकांग चाइना के खिलाफ टीम ने और भी दमदार खेल दिखाते हुए 137 रन की बड़ी जीत दर्ज की। लगातार दो जीत के बाद भारत के खाते में चार अंक हैं और टीम ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है। हांगकांग के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों ने बड़ा स्कोर खड़ा किया, जबकि गेंदबाजों ने विपक्षी टीम को ज्यादा देर टिकने का मौका नहीं दिया। अब पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला टीम के लिए नॉकआउट से पहले अपनी तैयारियों को परखने का भी मौका होगा।
पाकिस्तान के खिलाफ जीत पर होगी नजर
पाकिस्तान ने भी टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की है, लेकिन भारत के मुकाबले उसके खाते में दो अंक हैं। ऐसे में पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टीम इंडिया जहां अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहेगी, वहीं पाकिस्तान की कोशिश भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की राह आसान करने की होगी। भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला सिर्फ अंक तालिका के लिहाज से ही अहम नहीं है। दोनों टीमों की प्रतिद्वंद्विता के कारण इस मैच पर फैंस की खास नजर रहती है। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए भारत का पलड़ा मजबूत नजर आ रहा है।
कब और कहां खेला जाएगा भारत-पाकिस्तान मैच?
भारत और पाकिस्तान के बीच महिला एशिया कप 2026 का यह मुकाबला 5 सितंबर यानी आज दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। भारतीय समय के मुताबिक मैच रात 8 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7:30 बजे होगा। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले दुबई में खेले जा रहे हैं और भारत-पाकिस्तान मैच भी फ्लडलाइट्स के बीच आयोजित किया जाएगा।
स्मृति-शेफाली पर होगी नजर
टीम इंडिया की बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा पर एक बार फिर नजर रहेगी। हांगकांग के खिलाफ स्मृति ने शानदार शतक लगाकर अपनी फॉर्म का संकेत दिया था। वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष और अन्य बल्लेबाज भारतीय पारी को मजबूती देने की जिम्मेदारी संभालेंगे। गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और राधा यादव जैसे खिलाड़ियों से टीम को उम्मीद होगी। दीप्ति ने शुरुआती दो मुकाबलों में गेंद से भी प्रभाव छोड़ा है।
सेमीफाइनल से पहले बड़ा इम्तिहान
टीम इंडिया भले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हो, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले को हल्के में लेने का सवाल नहीं है। भारत के लिए यह मैच जीतना न सिर्फ ग्रुप स्टेज में शीर्ष स्थान मजबूत करेगा, बल्कि नॉकआउट मुकाबलों से पहले टीम का आत्मविश्वास भी बढ़ाएगा। दूसरी ओर पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला टूर्नामेंट में आगे बढ़ने की दिशा तय करने वाला हो सकता है। ऐसे में दुबई में होने वाली भारत-पाकिस्तान भिड़ंत में रोमांच की पूरी उम्मीद है।
दोनों टीमों का स्क्वॉड
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतीका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़, गुनालन कमलिनी, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और राधा यादव।
पाकिस्तान: सदफ शमास, गुल फिरोजा, इमान फातिमा, आयशा जफर, मुनीबा अली (विकेटकीपर), फातिमा सना (कप्तान), नशरा संधू, सादिया इकबाल, तुबा हसन, वहीदा अख्तर, शवाल जुल्फिकार, सायरा जबीन, मोमिना रियासत, उम्म-ए-हानी और इमान नसीर।

