Google ने अपने AI इकोसिस्टम को ज्यादा सुविधाजनक और नेचुरल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने Gmail, Google Docs और Google Keep के लिए नए Live फीचर्स रोलआउट करना शुरू कर दिया है। इनका मकसद यूजर्स को हर छोटी-बड़ी जानकारी के लिए स्क्रीन पर टाइप करने की जरूरत से राहत देना है। अब Gemini के साथ बातचीत करते हुए कई काम सिर्फ आवाज के जरिए किए जा सकेंगे।
Google ने इन फीचर्स को Google I/O 2026 के दौरान पेश किया था। इसके बाद इनकी टेस्टिंग चल रही थी और अब इन्हें धीरे-धीरे आम यूजर्स तक पहुंचाया जा रहा है। Gmail Live, Docs Live और Keep Live में Gemini की मदद से यूजर अपने ईमेल, डॉक्यूमेंट और नोट्स को बातचीत के अंदाज में मैनेज कर सकेगा।
Google Docs Live: अब Gemini बनेगा आपका AI को-राइटर
Google Docs Live उन लोगों के लिए खास उपयोगी साबित हो सकता है, जिन्हें बार-बार डॉक्यूमेंट तैयार करने पड़ते हैं। इसमें Gemini को एक तरह के हैंड्स-फ्री AI को-राइटर के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। यूजर बोलकर शुरुआती ड्राफ्ट तैयार करवा सकता है, किसी लंबे दस्तावेज का सारांश बनवा सकता है या किसी प्रस्ताव और दूसरे डॉक्यूमेंट का कंटेंट तैयार कर सकता है।
खास बात यह है कि Gemini सिर्फ Google Docs में मौजूद सामग्री तक सीमित नहीं रहेगा। जरूरत पड़ने पर यह Gmail, Drive, Chat और वेब से उपलब्ध जानकारी को भी ध्यान में रख सकता है। डॉक्यूमेंट तैयार करने से पहले Gemini संबंधित जानकारी का एक छोटा रिकैप दिखाएगा। इसके बाद यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से बोलकर बता सकता है कि डॉक्यूमेंट में क्या जोड़ा जाए और उसका फॉर्मेट कैसा रखा जाए। Google Docs ऐप में मौजूद फ्लोटिंग एक्शन बटन के जरिए Create with voice विकल्प चुनकर इस सुविधा का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
Gmail Live: अब इनबॉक्स से बात करना होगा आसान
Gmail Live का फोकस ईमेल पढ़ने और उनमें से जरूरी जानकारी खोजने के तरीके को आसान बनाना है। किसी पुराने मेल या लंबी ईमेल बातचीत में कोई खास जानकारी तलाशने के लिए अब यूजर को पूरी थ्रेड खंगालने की जरूरत नहीं होगी। यूजर सीधे Gemini से सवाल पूछ सकता है और Gmail में मौजूद जानकारी के आधार पर जवाब हासिल कर सकता है। बातचीत के दौरान संदर्भ को बार-बार दोहराने की जरूरत भी कम होगी, जिससे ईमेल से जुड़ी जानकारी निकालना ज्यादा सहज हो जाएगा।
इसका इंटरफेस भी बातचीत के हिसाब से तैयार किया गया है। फुल-स्क्रीन मोड में बातचीत का ट्रांसक्रिप्ट दिखाई देगा और Gemini के जवाब के साथ संबंधित ईमेल के लिंक भी मिलेंगे। अगर यूजर किसी दूसरे विषय पर जाना चाहता है तो मौजूदा बातचीत को बीच में रोक सकता है।
Gmail ऐप में सर्च बार के पास दिखाई देने वाले नए Live आइकन पर टैप करके इसे शुरू किया जा सकता है। फिलहाल यह सुविधा Android और iOS पर अंग्रेजी भाषा में दुनियाभर के Google AI Plus, Pro और Ultra यूजर्स के लिए उपलब्ध कराई जा रही है।
Keep Live: बोलिए और तैयार हो जाएगी आपकी लिस्ट
Google Keep Live रोजमर्रा के कामों को व्यवस्थित करने के लिए काफी उपयोगी फीचर बन सकता है। खासकर उन लोगों के लिए जो अचानक आने वाले आइडिया, काम या खरीदारी की चीजों को तुरंत नोट करना चाहते हैं। इसमें किसी तय फॉर्मेट में लिखने की जरूरत नहीं होगी। यूजर अपनी बात सामान्य तरीके से बोल सकता है और Gemini उस जानकारी का मतलब समझकर उसे व्यवस्थित नोट या लिस्ट में बदल देगा।
उदाहरण के तौर पर अगर कोई यूजर पेस्टो पास्ता बनाने के लिए जरूरी सामान खरीदने की बात बोलता है, तो Keep Live उस जानकारी को समझकर संबंधित शॉपिंग लिस्ट तैयार कर सकता है। एक ही सेशन में कई अलग-अलग नोट्स बनाए जा सकते हैं और बाद में उन्हें आवाज के जरिए अपडेट भी किया जा सकता है।
फिलहाल किन यूजर्स को मिलेगा फायदा?
इन फीचर्स की उपलब्धता फिलहाल Google AI सब्सक्रिप्शन और प्लेटफॉर्म के हिसाब से अलग-अलग है। Keep Live अभी Android डिवाइस पर उपलब्ध है और इसके लिए Google AI Plus के अपडेटेड वर्जन, Pro या Ultra सब्सक्रिप्शन की जरूरत है। वहीं Gmail Live और Docs Live की उपलब्धता संबंधित AI प्लान के आधार पर की जा रही है। Google ने संकेत दिया है कि इन सुविधाओं का विस्तार जल्द ही Google Workspace के बिजनेस यूजर्स तक भी किया जाएगा।
साफ़ है अब Google अपने नए Live फीचर्स AI के साथ बातचीत को टाइपिंग से आगे ले जाने की कोशिश में है। ईमेल खोजना हो, डॉक्यूमेंट तैयार करना हो या अचानक आए किसी आइडिया को नोट करना हो Gemini अब इन कामों में आपकी आवाज को ही कमांड की तरह इस्तेमाल करने वाला है।

