जिस उम्र में बच्चे खेलों की दुनिया को समझना शुरू ही करते हैं, उस उम्र में ओडिशा की नन्हीं शतरंज खिलाड़ी एलेना मिश्रा ने ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जिसने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया है। महज 4 साल, 6 महीने और 16 दिन की उम्र में एलेना आधिकारिक FIDE रेटिंग हासिल करने वाली सबसे कम उम्र की महिला खिलाड़ी बन गई हैं।
ब्लिट्ज चेस में मिला 1432 का रेटिंग स्कोर
इंटरनेशनल चेस फेडरेशन (FIDE) की ओर से एलेना को आधिकारिक ब्लिट्ज रेटिंग 1432 दी गई है। इतनी कम उम्र में आधिकारिक रेटिंग हासिल करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। एलेना की इस सफलता ने भारतीय शतरंज जगत में भी खास ध्यान खींचा है।
स्टेट चैंपियनशिप में दिखाया दम
एलेना ने यह उपलब्धि ओडिशा स्टेट ब्लिट्ज FIDE रेटिंग ओपन चेस चैंपियनशिप 2026 में हिस्सा लेकर हासिल की। मदर्स पब्लिक स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन ने उन्हें आधिकारिक FIDE रेटिंग सूची तक पहुंचा दिया। एलेना का जन्म 2022 में हुआ था। उनकी उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वह 2022 या उसके बाद जन्मी ऐसी महिला खिलाड़ी हैं, जिनके नाम किसी भी फॉर्मेट में आधिकारिक FIDE रेटिंग दर्ज है।
छोटी उम्र, बड़ा रिकॉर्ड
चार साल की उम्र में जहां अधिकांश बच्चे स्कूल और खेल-कूद की शुरुआती दुनिया से परिचित हो रहे होते हैं, वहीं एलेना ने प्रतिस्पर्धी शतरंज में अपनी जगह बना ली है। उनकी इस उपलब्धि को ओडिशा स्पोर्ट्स ने भी सोशल मीडिया पर साझा करते हुए बधाई दी।

