• info@thevaarta.com

ध्रुव राठी को दिल्ली पुलिस की हिरासत में, भड़के संजय सिंह, बोले- ‘एक चोर ने दूसरे चोर को बचाने के लिए पूरी ताकत लगा दी’

नई दिल्ली। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ध्रुव राठी को पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इस कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

वहीं, आप नेता सौरभ भारद्वाज ने भी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में बयान देते हुए सरकार और पुलिस से संयम बरतने की अपील की है। यह पूरा मामला दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है, जहां कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जुटने की तैयारी कर रहे थे।

गुरुग्राम में ध्रुव राठी को हिरासत में लेने की खबर
मिली जानकारी के मुताबिक, ध्रुव राठी दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आ रहे थे। इसी दौरान हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई। हालांकि, हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई के संबंध में पुलिस का आधिकारिक पक्ष और इसके आधार की विस्तृत जानकारी सामने आना जरूरी है।

संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर सरकार को घेरा
ध्रुव राठी को हिरासत में लिए जाने पर संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तीखी प्रतिक्रिया दी। राठी को हिरासत में लिए जाने पर संजय सिंह ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा- एक चोर ने दूसरे चोर को बचाने के लिए पूरी ताक़त लगा दी है। देश के युवाओं की मजबूत आवाज़ ध्रुव राठी को मोदी जी ने गिरफ़्तार कर लिया है। युवाओं के गुस्से से मत खेलो मोदी जी इसका परिणाम अच्छा नही होगा। “मोदी-ज्ञानू” की वोट चोर जोड़ी की सत्ता का अंत जरूर होगा। संजय सिंह ने चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए दावा किया कि मौजूदा सत्ता के खिलाफ लोगों की नाराजगी बढ़ रही है।

‘पुलिस का काम चोर पकड़ना है’ – संजय सिंह
एक अन्य पोस्ट में संजय सिंह ने लिखा-क्या आपने किसी देश में चोर का इतना सम्मान देखा है? पुलिस का काम चोर पकड़ने का है, लेकिन मोदी ने पूरे देश की पुलिस एक “चोर” बचाने में लगा दी है। मोदी जी “ज्ञानू चोर” से आपका क्या रिश्ता है? क्या ये रिश्ता “चोर-चोर मौसेरे भाई” का है? पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ेंगे चोरों से। #वोट_चोर_गद्दी_छोड़ मिलते हैं जंतर मंतर पर।

सौरभ भारद्वाज बोले- प्रदर्शनकारी देश के दुश्मन नहीं
आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष और पूर्व विधायक सौरभ भारद्वाज ने भी इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार मिलना चाहिए। उनके मुताबिक, प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोग अपनी मांगें रखने के लिए आ रहे हैं, इसलिए उनके साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए जिससे तनाव बढ़े।

भारद्वाज ने सरकार और पुलिस से अपील की कि प्रदर्शनकारियों के प्रति संयम बरता जाए। उन्होंने अहिंसा और संविधान में विश्वास जताते हुए कहा कि पुलिस की अत्यधिक सख्ती से अराजक स्थिति पैदा हो सकती है।

जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर बढ़ा राजनीतिक टकराव
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रस्तावित प्रदर्शन अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा बन गया है। एक ओर आम आदमी पार्टी के नेता हिरासत की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं प्रदर्शन की अनुमति और कानून-व्यवस्था से जुड़े पहलू भी महत्वपूर्ण बने हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply