लखनऊ। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित ओमेक्स हजरतगंज के व्यावसायिक परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। शॉप ओनर्स एसोसिएशन की ओर से भव्य ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें परिसर के दुकानदारों, टेनेंट्स, कर्मचारियों और एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओमेक्स लिमिटेड के बिजनेस हेड अंजनी कुमार पांडेय रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जिसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया। इस दौरान उनके साथ मनीष लालचंदानी, अचल गुप्ता और ओमेक्स लिमिटेड के असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट (लीजिंग) राहुल सौरभ भी मौजूद रहे। ध्वजारोहण समारोह में बड़ी संख्या में व्यापारियों और परिसर से जुड़े लोगों की मौजूदगी रही।
ध्वजारोहण के बाद अंजनी कुमार पांडेय ने उपस्थित जनसमूह को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ओमेक्स हजरतगंज के व्यावसायिक विकास और व्यापारिक समुदाय के बीच आपसी सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्व समाज और व्यापारिक समुदाय को एकजुट करने के साथ देशप्रेम की भावना को भी मजबूत करते हैं।
समारोह में देशभक्ति गीतों और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और जीवंत बना दिया। व्यापारियों और कर्मचारियों ने कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के समापन पर शॉप ओनर्स एसोसिएशन ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार जताया। इसके बाद मिष्ठान वितरण के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ।

