• info@thevaarta.com

रुपयों के विवाद ने लिया खूनी मोड़, ताबड़तोड़ फायरिंग; 2 की मौत, 3 घायल

बुलंदशहर। यूपी के बुलंदशहर में रुपयों के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर गांव में मंगलवार देर रात दो पक्षों के बीच पहले जमकर मारपीट हुई, फिर ताबड़तोड़ फायरिंग और हिंसा में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।



पुलिस के मुताबिक, गांव निवासी उत्तम शर्मा और प्रशांत के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई। फायरिंग में अजब सिंह को गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रतन, अरविंद और सत्यपाल घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

इसी बीच, दूसरे पक्ष के सोनू पर कथित तौर पर तेज रफ्तार कार चढ़ा दी गई, जिससे उसकी भी मौत हो गई। इस तरह दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति की जान चली गई। घटना के बाद गांव में भारी तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। वारदात के बाद दोनों पक्षों के कई लोग गांव छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply