सिनेमा जगत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का पहला गाना ‘दो नंबरी’ रिलीज हो गया है और रिलीज होते ही यह दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। हरियाणवी रैपर और सिंगर ढांडा न्योलीवाला (परवीन) की दमदार आवाज और उनके खास अंदाज ने इस गाने को अलग पहचान दी है। गाने के बोल भी खुद ढांडा न्योलीवाला ने लिखे हैं, जिससे इसमें उनका सिग्नेचर स्टाइल साफ नजर आता है।
गाने की शुरुआत ही “बोड़रा त पार मेरे कारोबार नी, शहर कांड होया, यार तेरा जिम्मेदार नी, रात गोली की आवाज थी स्पीकरा त, ज्यादा ग्या मिलके सवेरे तेरा थानेदार नी” जैसी लाइन से होती है, जो ‘मिर्जापुर’ की दुनिया के किरदारों और उनके ग्रे शेड्स को बखूबी दर्शाती है। यह ट्रैक एक गाना और फिल्म के माहौल, सत्ता की लड़ाई और अपराध की दुनिया की झलक भी पेश करता है। गाने में वही रॉ और देसी अंदाज दिखाई देता है, जिसने ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइज़ी को दर्शकों के बीच लोकप्रिय बनाया है।
संगीत की बात करें तो शेव (Shevv) द्वारा तैयार किया गया म्यूजिक गाने को आधुनिक और एनर्जेटिक फील देता है। वहीं ए शॉक (A Shock) के मिक्स और मास्टर ने इसकी साउंड क्वालिटी को और बेहतर बनाया है। म्यूजिक वीडियो का निर्देशन शुजात सौदागर ने किया है, जिसमें सिनेमैटिक विजुअल्स और दमदार प्रेजेंटेशन देखने को मिलता है। वीडियो में ‘मिर्जापुर’ की दुनिया का वही इंटेंस और स्टाइलिश माहौल नजर आता है, जिसकी फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।
Amazon MGM Studios और Excel Entertainment के बैनर तले बनी ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के प्रचार अभियान में Universal Music India भी आधिकारिक म्यूजिक पार्टनर के रूप में जुड़ा है, जिसने फिल्म के पहले गाने ‘दो नंबरी’ को दर्शकों तक पहुंचाया है। ‘दो नंबरी’ गाने ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर भी इस गाने को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और फैंस इसे ‘मिर्जापुर’ की दुनिया के लिए एक परफेक्ट एंट्री ट्रैक बता रहे हैं। कुल मिलाकर, ‘दो नंबरी’ एक ऐसा गाना है जो देसी रैप, दमदार बीट्स और ‘मिर्जापुर’ के खास अंदाज का बेहतरीन मिश्रण पेश करता है। यह ट्रैक फिल्म की कहानी और उसके किरदारों के मिजाज को दर्शाने में सफल नजर आता है।

