• info@thevaarta.com

सिंगर कनिका कपूर की दूसरी शादी भी टूटी, पति गौतम हाथीरमानी से लिया अलग होने का फैसला

सिंगर कनिका कपूर की दूसरी शादी भी टूटी, पति गौतम हाथीरमानी से लिया अलग होने का फैसला

‘बेबी डॉल’ और ‘चिट्टियां कलाइयां’ जैसे सुपरहिट गानों से पहचान बनाने वाली मशहूर सिंगर कनिका कपूर की दूसरी शादी भी अब खत्म हो गई है। उन्होंने अपने पति और लंदन के बिजनेसमैन गौतम हाथीरमानी से अलग होने का फैसला किया है। साल 2022 में दोनों ने शादी की थी। करीब चार साल बाद कनिका ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपने रिश्ते के टूटने की जानकारी साझा की। कनिका की यह दूसरी शादी थी। इससे पहले उन्होंने साल 1999 में एनआरआई राज चंडोक से विवाह किया था, लेकिन 2012 में दोनों का तलाक हो गया था।

इंस्टाग्राम पर दी अलग होने की जानकारी

कनिका कपूर ने मंगलवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए पति गौतम हाथीरमानी से अलग होने की घोषणा की। उन्होंने अपने रिश्ते के खत्म होने की वजह का खुलासा नहीं किया, लेकिन साथ बिताए पलों के लिए आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से निजी जिंदगी का सम्मान करने और प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की।

कनिका ने अपनी पोस्ट में लिखा, “प्रिय दोस्तों और परिवार वालों, काफी सोच-विचार के बाद, मैंने और मेरे पति ने अलग होने का फैसला किया है। हमने जो समय साथ बिताया, उसके लिए मैं आभारी हूं और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती हूं। आगे बढ़ते हुए, मैं आप सभी से हमारी प्राइवेसी का सम्मान करने की विनती करती हूं।”

पहली शादी, तलाक और तीन बच्चों की जिम्मेदारी

कनिका कपूर ने साल 1999 में एनआरआई और जनरल प्रैक्टिशनर राज चंडोक से पहली शादी की थी। विवाह के बाद वह पति के साथ लंदन चली गई थीं। इस शादी से उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां आयना और समारा तथा एक बेटा युवराज शामिल हैं।

हालांकि, शादी के करीब 13 साल बाद 2012 में कनिका और राज चंडोक अलग हो गए। उसी साल दोनों का तलाक भी हो गया। इसके बाद कनिका अपने बच्चों के साथ लखनऊ में अपने माता-पिता के घर लौट आई थीं।

पहली शादी टूटने के करीब एक दशक बाद कनिका ने 20 मई 2022 को गौतम हाथीरमानी के साथ नई जिंदगी की शुरुआत की थी। लेकिन अब यह रिश्ता भी समाप्त हो गया है।

15 साल पुरानी दोस्ती के बाद शादी

कनिका कपूर ने पहले बताया था कि वह गौतम हाथीरमानी को लगभग 15 साल से जानती थीं। शादी से पहले दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी। कनिका के मुताबिक, उन्होंने गौतम से दो बार शादी करने के लिए कहा था। पहली बार 2014 में और दूसरी बार 2020 में।

आखिरकार अगस्त 2021 में गौतम ने कनिका को शादी के लिए प्रपोज किया। इसके बाद 20 मई 2022 को लंदन में एक निजी समारोह में दोनों विवाह के बंधन में बंध गए। शादी में परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों ने हिस्सा लिया था।

इस खास मौके पर कनिका के तीनों बच्चे भी मौजूद थे। उनके बेटे युवराज ने उन्हें मंडप तक पहुंचाया था, जबकि बेटियां आयना और समारा शादी की रस्मों के दौरान उनके साथ थीं।

लखनऊ में हुआ जन्म, बचपन से संगीत से जुड़ाव

कनिका कपूर का जन्म 21 अगस्त 1978 को लखनऊ में एक खत्री परिवार में हुआ था। उनके पिता राजीव कपूर व्यवसायी हैं, जबकि उनकी मां पूनम कपूर बुटीक चलाती हैं।

कनिका ने महज 12 साल की उम्र में वाराणसी के संगीतकार पंडित गणेश प्रसाद मिश्र से शास्त्रीय संगीत की शिक्षा लेना शुरू कर दिया था। उनके साथ उन्होंने देशभर में कई शास्त्रीय संगीत कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया।

15 साल की उम्र में कनिका ने ऑल इंडिया रेडियो के साथ काम किया। इस दौरान वह भजन गायक अनूप जलोटा के कार्यक्रमों में भी शामिल हुईं। संगीत में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह अपने करियर को आगे बढ़ाने के लिए मुंबई चली गईं।

‘जुगनी जी’ से शुरुआत, ‘बेबी डॉल’ ने दिलाई पहचान

कनिका कपूर ने साल 2013 में डॉ. ज्यूस के साथ ‘जुगनी जी’ नाम का म्यूजिक वीडियो रिलीज किया था। यह पाकिस्तानी सूफी गीत ‘अलिफ अल्लाह’ का रीमिक्स वर्जन था। रिलीज के बाद यह गाना काफी लोकप्रिय हुआ और कनिका को संगीत की दुनिया में नई पहचान मिली।

इसके बाद मीत ब्रदर्स अंजन ने उन्हें फिल्म ‘रागिनी MMS 2’ (2014) में ‘बेबी डॉल’ गाने का मौका दिया। यह गाना जबरदस्त हिट साबित हुआ और कनिका का बॉलीवुड सिंगिंग डेब्यू यादगार बन गया।

इसके बाद उन्होंने शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘हैप्पी न्यू ईयर’ में ‘लवली’ गाया। वहीं, ‘रॉय’ का ‘चिट्टियां कलाइयां’, ‘एक पहेली लीला’ का ‘देसी लुक’, ‘ऑल इज वेल’ का ‘नाचन फराटे’ और ‘उड़ता पंजाब’ का ‘दा दा दस्से’ भी उनके चर्चित गानों में शामिल हैं।

प्लेबैक सिंगिंग के अलावा कनिका कपूर टेलीविजन पर भी अपनी पहचान बना चुकी हैं। साल 2019 में वह सिंगिंग रियलिटी शो ‘द वॉयस’ में बतौर जज नजर आई थीं।

Related Articles

Leave a Reply