जलपाईगुड़ी। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास एक भारतीय किसान को कथित तौर पर जबरन सीमा पार ले जाने के मामले ने तनाव बढ़ा दिया है। 35 वर्षीय दीपांकर गोप चौलहाटी सीमा गांव के तसर पाड़ा इलाके में स्थित अपने चाय बागान में कीटनाशक का छिड़काव करने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान करीब 20 बांग्लादेशी लोग भारतीय सीमा में दाखिल हुए और उन्हें कथित तौर पर जबरन अपने साथ बांग्लादेश ले गए।
मामले की जानकारी मिलने के बाद बीएसएफ ने बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड (बीजीबी) से संपर्क किया और दीपांकर की सुरक्षित वापसी के लिए फ्लैग मीटिंग की गई। हालांकि, बैठक में कोई समाधान नहीं निकल सका।
भारतीय किसान की रिहाई के बदले बांग्लादेशी घुसपैठिए को छोड़ने की बात
मामले में अब सबसे बड़ा पेंच सामने आया है। दीपांकर के पिता मिश्री लाल का आरोप है कि उनके बेटे की रिहाई को भारत में पकड़े गए एक बांग्लादेशी नागरिक की रिहाई से जोड़ दिया गया है। बताया जा रहा है कि तमीज उद्दीन नामक बांग्लादेशी नागरिक को कुछ दिन पहले चौलाहाटी सीमा के पास कथित तौर पर कंटीली तार काटकर भारत में प्रवेश करने की कोशिश के आरोप में पकड़ा गया था। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले किया गया। परिजनों के मुताबिक, अब इसी व्यक्ति की रिहाई के बदले दीपांकर को छोड़ने की बात सामने आई है। हालांकि, इस दावे की पूरी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
बांग्लादेश में किसान पर भी अवैध घुसपैठ का आरोप
रिपोर्ट के मुताबिक, दीपांकर फिलहाल बांग्लादेश के पंचगढ़ जिले की पुलिस हिरासत में हैं और वहां उन पर अवैध रूप से सीमा पार करने का आरोप लगाया गया है। दूसरी ओर, भारतीय पक्ष का कहना है कि उन्हें कथित तौर पर जबरन सीमा पार ले जाया गया। दीपांकर का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह कथित तौर पर अपनी रिहाई को तमीज उद्दीन की रिहाई से जोड़े जाने की बात कह रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
फ्लैग मीटिंग बेनतीजा, बढ़ी चिंता
बीएसएफ और बीजीबी के बीच हुई फ्लैग मीटिंग के बावजूद किसान की वापसी नहीं हो सकी। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर दीपांकर को जबरन सीमा पार ले जाया गया, तो उनकी वापसी को भारत में पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिक की रिहाई से क्यों जोड़ा जा रहा है? फिलहाल दोनों देशों की सीमा सुरक्षा एजेंसियों के बीच बातचीत जारी है और सबसे अहम प्राथमिकता भारतीय किसान दीपांकर गोप की सुरक्षित वापसी है।

