नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में नाबालिग से कथित गैंगरेप का गंभीर मामला सामने आया है। कालकाजी मंदिर के नजदीक आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग के साथ तीन युवकों द्वारा दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की फायरिंग में एक गोली हेड कॉन्स्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
मंदिर में दर्शन के बाद पार्क पहुंची थी नाबालिग
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7 बजे नाबालिग अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर पहुंची थी। दर्शन के बाद दोनों आस्था कुंज पार्क की ओर गए और करीब साढ़े सात बजे गेट नंबर 7 से पार्क में दाखिल हुए।
आरोप है कि इसी दौरान तीन युवक उनके पास पहुंचे। युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और दोनों को डराने-धमकाने लगे। शिकायत के अनुसार, इसके बाद आरोपियों ने नाबालिग को उसके दोस्त से अलग कर दिया और उसे पार्क के सुनसान हिस्से की ओर ले गए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों में शामिल आसिफ ने हथियार दिखाकर नाबालिग को धमकाया। इसके बाद तीनों आरोपियों पर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर नाबालिग को धमकी दी और वहां से फरार हो गए।
रात में पुलिस को मिली घटना की सूचना
पुलिस को रात करीब 8:45 बजे PCR कॉल के जरिए पार्क में नाबालिग से दुष्कर्म की सूचना मिली। सूचना मिलते ही अमर कॉलोनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। वहां नाबालिग अपने दोस्त के साथ मिली। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग को मेडिकल जांच के लिए AIIMS भेजा। वहीं, क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने आस्था कुंज पार्क में घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के लिए जरूरी साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गईं।
DM ऑफिस रोड के पास पुलिस से मुठभेड़
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी आसिफ के अमर कॉलोनी स्थित DM ऑफिस रोड के आसपास मौजूद होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस का दावा है कि फायरिंग के दौरान एक गोली हेड कॉन्स्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिसकर्मी ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी। घायल होने के बाद उसे पुलिस ने हिरासत में लिया और उपचार के लिए AIIMS ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
मौके से बाइक और पिस्टल बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर क्राइम टीम और FSL टीम को बुलाया। अधिकारियों ने मौके की जांच कर फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से एक बाइक और पिस्टल भी बरामद की गई है। फिलहाल पुलिस इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में BNS और POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है।
सितंबर में नाबालिगों से जुड़े रेप के तीन मामले
दिल्ली में सितंबर महीने में नाबालिगों से जुड़े यौन अपराधों के कई मामले सामने आने के बाद एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 12 सितंबर को स्वरूप नगर में 14 वर्षीय नाबालिग के साथ गैंगरेप के बाद उसकी हत्या का मामला सामने आया था। इसके कुछ दिन बाद 16 सितंबर को सदर बाजार इलाके में 10 वर्षीय बच्ची से रेप की घटना सामने आई।
NCRB के 2024 के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में POCSO एक्ट के तहत 1,553 मामले दर्ज किए गए थे। यह संख्या औसतन प्रतिदिन चार से अधिक मामलों के बराबर बैठती है। 2025 के आंकड़ों की रिपोर्ट अभी जारी नहीं हुई है। फिलहाल आस्था कुंज पार्क मामले में पुलिस बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

