• info@thevaarta.com

33वें दिन ‘हनुमान अंश’ ने आमिर-शाहरुख को छोड़ा पीछे, बड़ी फिल्मों के छूटे पसीने; 200 करोड़ के लिए बस कुछ कदम दूर

33वें दिन ‘हनुमान अंश’ ने आमिर-शाहरुख को छोड़ा पीछे, बड़ी फिल्मों के छूटे पसीने; 200 करोड़ के लिए बस कुछ कदम दूर

बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत में धीमी रफ्तार से आगे बढ़ी ‘हनुमान अंश’ अब ऐसा प्रदर्शन कर रही है, जिसने फिल्म ट्रेड को भी चौंका दिया है। रिलीज के 33वें दिन फिल्म ने अपनी कमाई में फिर उछाल दर्ज किया और लंबे समय से बॉक्स ऑफिस पर टिके रहने का फायदा उठाते हुए कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। खास बात यह है कि महज ₹2 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म की कमाई का ग्राफ रिलीज के एक महीने बाद तेजी से ऊपर गया है।

मंगलवार को फिल्म ने भारत में करीब ₹10.75 करोड़ नेट कलेक्शन किया। सोमवार को इसकी कमाई ₹10 करोड़ रही थी। यानी 33वें दिन फिल्म की कमाई में करीब 7.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई। रिलीज के इतने लंबे समय बाद किसी फिल्म की कमाई में इस तरह का उछाल अपने आप में असामान्य माना जा रहा है।

33वें दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म
‘हनुमान अंश’ की सबसे बड़ी उपलब्धि 33वें दिन के कलेक्शन को लेकर सामने आई है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने इस दिन ‘3 इडियट्स’, ‘पठान’, ‘स्त्री 2’ और ‘धुरंधर’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। इस तरह 33वें दिन की कमाई के मामले में यह सबसे ऊपर पहुंच गई है। यह रिकॉर्ड इसलिए भी खास है क्योंकि इन फिल्मों का बजट, स्टार कास्ट और रिलीज स्केल ‘हनुमान अंश’ से काफी बड़ा रहा है। ऐसे में सीमित बजट वाली फिल्म का रिलीज के 33वें दिन इस स्तर का कलेक्शन करना बॉक्स ऑफिस पर इसकी असाधारण पकड़ को दिखाता है।

22 दिन तक धीमी रफ्तार, अचानक हुआ चमत्कार
फिल्म की बॉक्स ऑफिस यात्रा शुरू में इतनी मजबूत नहीं रही थी। शुरुआती 22 दिनों तक इसकी कमाई काफी सीमित रही। पहले दिन फिल्म ने करीब ₹10 लाख कमाए, जबकि शुरुआती सप्ताह में भी कलेक्शन लाखों में ही रहा। इसके बाद तीसरे सप्ताह से फिल्म की स्थिति बदलनी शुरू हुई। 16वें दिन ₹85 लाख और 17वें दिन ₹2.20 करोड़ की कमाई ने संकेत दिया कि दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ रही है। 22वें दिन फिल्म ने ₹6.25 करोड़ का कलेक्शन किया और इसके बाद शनिवार-रविवार को कमाई ने और रफ्तार पकड़ ली। 23वें दिन ₹9.25 करोड़ और 24वें दिन ₹12.75 करोड़ की कमाई ने फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर नई जिंदगी दे दी। इसके बाद लगातार मजबूत कलेक्शन का सिलसिला जारी रहा।

30वें दिन पार किया ₹100 करोड़ का आंकड़ा
फिल्म ने 30वें दिन भारत में ₹100 करोड़ ग्रॉस का आंकड़ा पार किया। इसके महज दो दिन बाद यानी 32वें दिन इसका ग्रॉस कलेक्शन ₹150 करोड़ के पार पहुंच गया। अब 33वें दिन के बाद भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन करीब ₹169.20 करोड़ हो चुका है, जबकि नेट कलेक्शन ₹143.13 करोड़ तक पहुंच गया है। इस हिसाब से ₹200 करोड़ ग्रॉस क्लब में शामिल होने के लिए फिल्म को अब करीब ₹30.80 करोड़ और कमाने होंगे। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए अगले कुछ दिनों में इस आंकड़े के करीब पहुंचने की उम्मीद है।

एक नजर में ‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस सफर

पहला दिन ₹10 लाख
दूसरा दिन ₹20 लाख
तीसरा दिन ₹30 लाख
चौथा दिन ₹10 लाख
5वां–7वां दिन ₹13 लाख, ₹13 लाख, ₹12 लाख
8वां–14वां दिन ₹4–5 लाख प्रतिदिन
15वां दिन ₹15 लाख
16वां दिन ₹85 लाख
17वां दिन ₹2.20 करोड़
18वां दिन ₹1.25 करोड़
19वां दिन ₹2.35 करोड़
20वां दिन ₹1.50 करोड़
21वां दिन ₹2.10 करोड़
22वां दिन ₹6.25 करोड़
23वां दिन ₹9.25 करोड़
24वां दिन ₹12.75 करोड़
25वां दिन ₹5.50 करोड़
26वां दिन ₹8.50 करोड़
27वां दिन ₹7.75 करोड़
28वां दिन ₹11 करोड़
29वां दिन ₹10 करोड़
30वां दिन ₹16.50 करोड़
31वां दिन ₹22.75 करोड़
32वां दिन ₹10 करोड़
33वां दिन ₹10.75 करोड़

 

हनुमान अंश’ का रिकॉर्ड सिर्फ 33वें दिन तक सीमित नहीं है। फिल्म ने 5वें सोमवार सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। इसके अलावा 2026 में रिलीज हुई फिल्मों में यह अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में भी शामिल हो गई है। फिल्म ने 32वें दिन भी सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली फिल्मों में जगह बनाई और अगले ही दिन 33वें दिन का नया रिकॉर्ड कायम कर दिया।

₹2 करोड़ की फिल्म पर बाबा की कृपा
‘हनुमान अंश’ की सबसे दिलचस्प बात इसकी लागत और कमाई का अंतर है। करीब ₹2 करोड़ के बजट से बनी फिल्म ने भारत में अब तक ₹143.13 करोड़ नेट और ₹169.20 करोड़ ग्रॉस कमा लिया है। भारत में फिल्म ने अब तक करीब 81,608 शो के जरिए यह कलेक्शन हासिल किया है। वहीं, इसकी ओवरसीज रिलीज अभी शुरू होना बाकी है। ऐसे में विदेशों से होने वाली कमाई फिल्म के कुल कारोबार को और बढ़ा सकती है।

क्या ₹200 करोड़ पार करेगी फिल्म?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ‘हनुमान अंश’ भारत में ₹200 करोड़ ग्रॉस का आंकड़ा पार कर पाएगी। फिलहाल फिल्म को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए करीब ₹30.80 करोड़ और चाहिए। बीते कुछ दिनों में फिल्म की कमाई जिस तरह बढ़ी है, उससे यह लक्ष्य मुश्किल जरूर है, लेकिन असंभव नहीं। अगर आने वाले दिनों में सिनेमाघरों में दर्शकों की पकड़ बनी रहती है और शो की संख्या कम नहीं होती, तो फिल्म जल्द ही ₹200 करोड़ ग्रॉस क्लब में एंट्री कर सकती है।

Related Articles

Leave a Reply