• info@thevaarta.com

विधानसभा चुनावों में BJP को मिली 1,472 करोड़ की रकम, खर्च हुए 160 करोड़; चुनाव आयोग को दिया हिसाब

विधानसभा चुनावों में BJP को मिली 1,472 करोड़ की रकम, खर्च हुए 160 करोड़; चुनाव आयोग को दिया हिसाब

इस साल हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को मिली धनराशि और चुनावी खर्च का आंकड़ा सामने आया है। पार्टी ने चुनाव आयोग के समक्ष जमा किए विवरण में बताया है कि असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों के दौरान बीजेपी के केंद्रीय मुख्यालय को कुल 1,472.8 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई। हालांकि, पार्टी की ओर से पश्चिम बंगाल और केरल के चुनावों से जुड़े आंकड़े अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं

चुनाव के बाद बढ़ा BJP का बैलेंस
चुनाव आयोग को दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बीजेपी का क्लोजिंग बैलेंस 7,627.2 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। 15 मार्च 2026 को पार्टी के पास 6,722.6 करोड़ रुपये का बैलेंस था। इस तरह इस अवधि में पार्टी की उपलब्ध राशि में करीब 904.6 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

तीन राज्यों में 160 करोड़ रुपये का चुनावी खर्च
बीजेपी ने असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में केंद्रीय मुख्यालय के साथ राज्य और जिला इकाइयों के खर्च को मिलाकर कुल 160 करोड़ रुपये खर्च किए। इनमें सबसे ज्यादा रकम असम में खर्च हुई। आंकड़ों के अनुसार, असम में 96.3 करोड़ रुपये, तमिलनाडु में 51.6 करोड़ रुपये और पुडुचेरी में 11.9 करोड़ रुपये का चुनावी खर्च दर्ज किया गया।

पार्टी के कुल खर्च में करीब 130.4 करोड़ रुपये सामान्य चुनाव प्रचार पर लगाए गए। वहीं, लगभग 29.6 करोड़ रुपये उम्मीदवारों को एकमुश्त भुगतान और उनके आपराधिक रिकॉर्ड के प्रचार से संबंधित मद में खर्च हुए।

असम में प्रचार पर सबसे ज्यादा खर्च
असम विधानसभा चुनाव बीजेपी के लिए सबसे ज्यादा खर्च वाला राज्य रहा। पार्टी के रिकॉर्ड के मुताबिक, यहां सामान्य चुनाव प्रचार पर 76.7 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसमें केंद्रीय संगठन की ओर से किया गया खर्च और उम्मीदवारों पर खर्च की गई राशि भी शामिल है। असम में स्टार प्रचारकों की यात्राओं पर करीब 27.3 करोड़ रुपये खर्च हुए। इसके अलावा विज्ञापन पर 37 करोड़ रुपये और प्रचार सामग्री पर 8.9 करोड़ रुपये लगाए गए। राज्य इकाई के अन्य खर्चों में करीब 2.3 करोड़ रुपये शामिल रहे। उम्मीदवारों को एकमुश्त भुगतान के तौर पर लगभग 19.4 करोड़ रुपये दिए गए, जबकि उनके आपराधिक रिकॉर्ड के प्रकाशन पर करीब 16.7 लाख रुपये खर्च किए गए।

तमिलनाडु और पुडुचेरी का हिसाब
तमिलनाडु में बीजेपी का कुल चुनावी खर्च 51.6 करोड़ रुपये रहा। इसमें सामान्य प्रचार के लिए करीब 44.5 करोड़ रुपये और उम्मीदवारों से जुड़े खर्च के लिए लगभग 7 करोड़ रुपये शामिल हैं। वहीं, पुडुचेरी में पार्टी ने कुल 11.9 करोड़ रुपये खर्च किए। कांग्रेस ने 248.6 करोड़ रुपये खर्च किए। इन चुनावों को लेकर कांग्रेस भी अपना चुनावी खर्च पहले ही सार्वजनिक कर चुकी है। कांग्रेस के जारी विवरण के अनुसार, पार्टी ने संबंधित विधानसभा चुनावों में कुल 248.6 करोड़ रुपये खर्च किए थे।

फिलहाल बीजेपी की ओर से पश्चिम बंगाल और केरल विधानसभा चुनावों से संबंधित खर्च और प्राप्त धनराशि का पूरा विवरण सामने आना बाकी है। इन दोनों राज्यों के आंकड़े सार्वजनिक होने के बाद इस साल के विधानसभा चुनावों में प्रमुख राजनीतिक दलों के खर्च और फंडिंग की तस्वीर और साफ़ हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply