6 साल से न्याय की तलाश, आखिरकार लोकभवन के बाहर आत्मदाह का प्रयास; समय रहते बचाए गए चाचा-भतीजे
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब लोकभवन के गेट नंबर-9 के सामने दो लोगों ने आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि, सचिवालय में तैनात सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। सुरक्षाकर्मियों ने दोनों को समय रहते पकड़ लिया और उनके पास मौजूद ज्वलनशील पदार्थ कब्जे में ले लिया। बाद में पुलिस दोनों को पूछताछ के लिए हजरतगंज थाने ले गई।
आत्मदाह का प्रयास करने वाले दोनों व्यक्ति दुबग्गा थाना क्षेत्र के लीलाखेड़ा कटौली गांव के निवासी राम गणेश और उनके भतीजे सतीश कुमार गौतम बताए गए हैं। दोनों ने आरोप लगाया कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर परिवार के ही कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। कई वर्षों से अधिकारियों और पुलिस के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिला, जिससे परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाने का प्रयास किया।
पीड़ित राम गणेश ने बताया कि करीब छह वर्षों से वह अपनी पुश्तैनी जमीन को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उनका आरोप है कि परिवार के ही सुनील नामक व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ जमीन पर कब्जा कर लिया, लेकिन शिकायतों के बावजूद न तो पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की और न ही प्रशासन ने उनकी समस्या का समाधान किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई और संबंधित शिकायत की जांच शुरू करने की बात कही है। समय रहते सुरक्षाकर्मियों की सक्रियता से एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जमीन विवाद से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

