• info@thevaarta.com

अमरोहा :बुजुर्ग को नशीला पदार्थ पिलाकर ई-रिक्शा लूटने वाले दो शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, हेड कांस्टेबल घायल

अमरोहा :बुजुर्ग को नशीला पदार्थ पिलाकर ई-रिक्शा लूटने वाले दो शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, हेड कांस्टेबल घायल

अमरोहा। उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत अमरोहा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंडी धनौरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और दो शातिर बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि बदमाशों की फायरिंग में एक हेड कांस्टेबल घायल हो गए। पुलिस ने घायल पुलिसकर्मी और दोनों आरोपियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब एक बजे मंडी धनौरा थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र सरोहा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा वांछित अपराधियों की तलाश में गादीखेड़ा पुल के पास विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक बिना नंबर की बाइक पर अवैध हथियारों के साथ नहर की ओर आ रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मोहम्मद उमर (निवासी खानपुर कमालपुर, जनपद बिजनौर) के बाएं पैर तथा मोहम्मद वसीम (निवासी ढकिया उर्फ महमुल्लापुर, जनपद बिजनौर) के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों घायल होकर मौके पर गिर पड़े और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

 

मुठभेड़ में हेड कांस्टेबल भी हुए घायल

मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से चलाई गई गोली हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार के बाएं हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल उन्हें और दोनों आरोपियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

बुजुर्ग को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटी थी ई-रिक्शा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 12 जुलाई की रात एक बुजुर्ग को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उसकी ई-रिक्शा चोरी कर ली थी। बरामद 10 हजार रुपये उसी चोरी की गई ई-रिक्शा को बेचकर प्राप्त हुए थे। इस संबंध में पीड़ित बुजुर्ग द्वारा पहले ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

अवैध हथियार, नकदी और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, एक बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल तथा चोरी की ई-रिक्शा बेचकर प्राप्त 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

दोनों पर दर्ज हैं कई गंभीर मुकदमे

पुलिस के अनुसार, मोहम्मद उमर और मोहम्मद वसीम के खिलाफ अमरोहा और बिजनौर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब 13-13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों हाल ही में हुई लूट की घटना में भी वांछित चल रहे थे।

ASP बोले – आरोपियों के खिलाफ की जा रही विधिक कार्रवाई

अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह भदौरिया ने बताया कि दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, नकदी और बाइक बरामद हुई है। घायल पुलिसकर्मी एवं दोनों आरोपियों का उपचार कराया जा रहा है तथा उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है

Related Articles

Leave a Reply