• info@thevaarta.com

विद्युत जामवाल का अनोखा कारनामा, 15 मिनट तक सांस रोककर पब्लिक को किया अचंभित

विद्युत जामवाल का अनोखा कारनामा, 15 मिनट तक सांस रोककर पब्लिक को किया अचंभित

बॉलीवुड के एक्शन स्टार विद्युत जामवाल अपनी फिटनेस, मार्शल आर्ट्स और खतरनाक स्टंट्स के लिए पहले से ही मशहूर हैं। लेकिन हाल ही में उन्होंने कुछ ऐसा करके दिखाया, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग ही नहीं बल्कि सोशल मीडिया यूजर्स भी हैरान रह गए। अपनी हॉलीवुड डेब्यू फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ (Street Fighter) के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में विद्युत जामवाल करीब 15 मिनट तक सांस रोककर ध्यान की मुद्रा में बैठे रहे।

इस दौरान उन्होंने आंखें खुली रखीं और बेहद शांत नजर आए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने करीब 20 मिनट तक बिना पलक झपकाए ध्यान किया। सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो में विद्युत का जबरदस्त फोकस और शरीर पर नियंत्रण साफ नजर आता है।

मुंबई में आयोजित ‘स्ट्रीट फाइटर’ के खास इवेंट में विद्युत जामवाल ने मंच पर ध्यान की मुद्रा अपनाई। शुरुआत में लोगों को लगा कि वह सामान्य तरीके से मेडिटेशन कर रहे हैं, लेकिन जब काफी समय तक वह उसी स्थिति में बैठे रहे तो सभी की नजरें उन पर टिक गईं। बताया गया कि विद्युत ने इस दौरान अपनी सांस को नियंत्रित रखा और लगभग 15 मिनट तक सांस रोककर ध्यान किया। उनका यह प्रदर्शन किसी फिल्मी स्टंट से अलग था, क्योंकि इसमें उन्होंने अपने शरीर और सांस पर नियंत्रण का प्रदर्शन किया।

‘स्ट्रीट फाइटर’ में धालसिम का किरदार
विद्युत जामवाल फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ से हॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं। फिल्म में वह लोकप्रिय वीडियो गेम कैरेक्टर धालसिम (Dhalsim) का किरदार निभा रहे हैं। धालसिम को योग और शारीरिक लचीलेपन से जुड़े किरदार के तौर पर जाना जाता है। फिल्म में विद्युत के साथ जेसन मोमोआ, नोआ सेंटीनियो, एंड्रयू कोजी, कैलिना लियांग, डेविड डेस्टमालचियन, कोडी रोड्स और 50 सेंट जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन किताओ सकुराई ने किया है। पैरामाउंट पिक्चर्स के मुताबिक फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

योग और मार्शल आर्ट्स से जुड़ा है विद्युत का किरदार
विद्युत जामवाल लंबे समय से मार्शल आर्ट्स और फिटनेस को लेकर अपनी अलग पहचान रखते हैं। उनकी ट्रेनिंग में भारतीय मार्शल आर्ट कलारीपयट्टू का भी खास महत्व रहा है।‘स्ट्रीट फाइटर’ में उनका किरदार धालसिम भी योग और मार्शल आर्ट्स से जुड़ा हुआ है। ऐसे में इवेंट के दौरान किया गया उनका ध्यान और सांस पर नियंत्रण फिल्म के किरदार से भी जुड़ा हुआ नजर आया।

युवाओं को भी दिया खास संदेश
इस प्रदर्शन के बाद विद्युत ने युवाओं को जल्दबाजी से बचने और कुछ समय रुककर खुद पर ध्यान देने की सलाह भी दी। उन्होंने बताया कि जीवन में कई चीजों को हासिल करने में समय लगता है और लगातार भागते रहने के बजाय कभी-कभी रुकना भी जरूरी है। विद्युत ने जिस तकनीक का इस्तेमाल किया, उसे योग से जुड़ी एक सांस नियंत्रित करने वाली तकनीक बताया। उन्होंने कहा कि वह इस तरह की तकनीक युवाओं को भी सिखाते हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
विद्युत के इस अनोखे प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखने के बाद लोग उनके फोकस, फिटनेस और सांस पर नियंत्रण की तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स के लिए सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि विद्युत इतने लंबे समय तक एक ही मुद्रा में शांत बैठे रहे।
विद्युत ने भी इवेंट से जुड़ी कुछ झलकियां अपने सोशल मीडिया पर साझा की हैं। उनके इस अंदाज ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पर्दे पर एक्शन करने वाले इस अभिनेता की असली ताकत स्टंट्स के साथ फिटनेस, अनुशासन और मानसिक एकाग्रता पर भी उनकी मजबूत पकड़ है।

Related Articles

Leave a Reply