UP Weather: उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ती नजर आ रही है। बीते दिनों प्रदेश के कई हिस्सों में हुई झमाझम बारिश के बाद अब ज्यादातर इलाकों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है। हालांकि, सोमवार को कुछ जिलों में मौसम फिर करवट ले सकता है और गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
15 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को बहराइच, बलरामपुर, बिजनौर, लखीमपुर खीरी, महाराजगंज, मुरादाबाद, सिद्धार्थनगर और श्रावस्ती समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा गोंडा सहित पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करीब एक दर्जन अन्य जिलों में भी मध्यम से तेज बारिश के आसार हैं।ऐसे में इन इलाकों में रहने वाले लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर निचले इलाकों में जलभराव और सड़क यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।
बारिश थमी तो बढ़ेगी उमस
बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के समय उमस और गर्मी बढ़ सकती है। राजधानी लखनऊ में रविवार को सुबह हल्के बादल छाए रहे, लेकिन बाद में धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां अब सभी इलाकों में एक जैसी नहीं रहेंगी। कहीं बादल और धूप का दौर रहेगा तो कुछ जगहों पर हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।
बरेली में सबसे ज्यादा बारिश
रविवार को बरेली में सबसे अधिक 141.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बिजनौर में 134 मिमी और मुरादाबाद में 114 मिमी वर्षा दर्ज हुई। हालांकि कई जिलों में तापमान थोड़ा बढ़ा, लेकिन ज्यादातर जगहों पर पारा सामान्य से नीचे रहा।
मंगलवार से मौसम में बदलाव
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार के बाद बारिश की गतिविधियां और कमजोर हो सकती हैं। मंगलवार से पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर पश्चिमी जिलों तक अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में लोगों को बारिश से राहत मिल सकती है, लेकिन उमस और गर्मी फिर परेशान कर सकती है।

