• info@thevaarta.com

Sun Pharma का अमेरिकी सरकार के साथ हुआ खास समझौता, मिली 2 साल की टैरिफ राहत, MFN प्राइसिंग से लेकर टैरिफ तक समझिए पूरी बात

Sun Pharma का अमेरिकी सरकार के साथ हुआ खास समझौता, मिली 2 साल की टैरिफ राहत, MFN प्राइसिंग से लेकर टैरिफ तक समझिए पूरी बात

भारत की दिग्गज फार्मा कंपनियों में शामिल Sun Pharma ने अमेरिकी बाजार में अपनी मौजूदगी को लेकर एक अहम कदम उठाया है। कंपनी ने अमेरिकी सरकार के साथ प्राइसिंग और दवाइयों की पहुंच से जुड़ी प्रतिबद्धताओं वाले समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस करार के तहत कंपनी अमेरिका के राज्य स्तरीय Medicaid कार्यक्रम में Most Favored Nation यानी MFN प्राइसिंग लागू करेगी।

यह समझौता ऐसे समय में हुआ है, जब अमेरिकी दवा बाजार में दवाइयों की कीमत और मरीजों तक उनकी पहुंच को लेकर सरकार का फोकस बढ़ा हुआ है। व्हाइट हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान Sun Pharma समेत कई फार्मा कंपनियों ने अपनी प्रतिबद्धताओं को औपचारिक रूप दिया।

क्या है समझौता?
समझौते के मुताबिक Sun Pharma अमेरिका के राज्य स्तरीय Medicaid कार्यक्रम में MFN प्राइसिंग व्यवस्था अपनाएगी। आसान भाषा में समझें तो कंपनी कुछ दवाइयों के लिए ऐसी कीमत की पेशकश करने की प्रतिबद्धता जता रही है, जो निर्धारित अंतरराष्ट्रीय मूल्य व्यवस्था से जुड़ी होगी।

कंपनी ने सिर्फ मौजूदा उत्पादों तक इस प्रतिबद्धता को सीमित नहीं रखा है। भविष्य में अमेरिका में लॉन्च की जाने वाली उसकी इनोवेटिव दवाइयों पर भी MFN प्राइसिंग लागू करने की बात कही गई है।

इसके बदले अमेरिकी सरकार ने Sun Pharma के इनोवेटिव फार्मास्युटिकल उत्पादों पर लगने वाले Section 232 टैरिफ को दो साल से अधिक अवधि के लिए स्थगित करने पर सहमति जताई है। हालांकि समझौते की कुछ अन्य शर्तों को फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया गया है।

अमेरिका-Sun Pharma के लिए क्यों है इतना महत्वपूर्ण?
अमेरिकी बाजार Sun Pharma की वैश्विक रणनीति में बेहद अहम स्थान रखता है। कंपनी ने अमेरिका में अपनी शुरुआत मुख्य रूप से जेनेरिक दवाओं के कारोबार के जरिए की थी, लेकिन समय के साथ उसने स्पेशियलिटी और इनोवेटिव मेडिसिन के क्षेत्र में भी अपनी स्थिति मजबूत की है।

कंपनी के अनुसार, अमेरिका उसके इनोवेटिव मेडिसिन कारोबार का सबसे बड़ा बाजार है और कुल ग्लोबल रेवेन्यू में इसका योगदान करीब 27 फीसदी है। डर्मेटोलॉजी के क्षेत्र में भी कंपनी अमेरिका में प्रिस्क्रिप्शन के लिहाज से दूसरे स्थान पर होने का दावा करती है। इम्यूनोलॉजी, क्यूटेनियस ऑन्कोलॉजी और ऑप्थैल्मोलॉजी जैसे सेगमेंट में कंपनी लगातार अपना विस्तार कर रही है।

जेनेरिक से इनोवेटिव दवाओं तक बढ़ा कारोबार
Sun Pharma ने अमेरिकी में जेनेरिक दवाओं से शुरुआत की फिर धीरे-धीरे ऐसे उत्पादों पर भी फोकस बढ़ाया है, जिनमें रिसर्च और इनोवेशन की बड़ी भूमिका होती है। कंपनी के नॉर्थ अमेरिका कारोबार के सीईओ रिक एशक्रॉफ्ट के मुताबिक, अमेरिका Sun Pharma के लिए क्लिनिकल डेवलपमेंट, सेल्स और मार्केटिंग के साथ-साथ API तथा फिनिश्ड प्रोडक्ट्स मैन्युफैक्चरिंग के लिहाज से भी महत्वपूर्ण बाजार है। यानी कंपनी अमेरिका को सिर्फ बिक्री का बाजार नहीं, बल्कि रिसर्च, उत्पादन और भविष्य के विस्तार के लिए भी रणनीतिक केंद्र के रूप में देख रही है।

Organon डील से भी जुड़ा है अमेरिकी विस्तार
Sun Pharma की अमेरिकी रणनीति को हालिया कारोबारी गतिविधियों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। कंपनी कुछ समय पहले Organon & Co. को करीब 11.75 अरब डॉलर के एंटरप्राइज वैल्यू पर खरीदने के लिए definitive agreement कर चुकी है। यह प्रस्तावित अधिग्रहण अमेरिकी हेल्थकेयर बाजार में Sun Pharma की स्थिति को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। कंपनी पहले से ही अमेरिका में मरीजों, हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स और स्थानीय समुदायों के बीच अपनी मौजूदगी बढ़ाने पर जोर देती रही है।

पांच महाद्वीपों तक फैला है कारोबार
Sun Pharma भारत की प्रमुख फार्मा कंपनियों में से एक है और इसका कारोबार भारत के साथ विदेशों में भी फैला है। कंपनी की पांच महाद्वीपों में मैन्युफैक्चरिंग सुविधाएं हैं और इसके उत्पाद 100 से ज्यादा देशों में उपलब्ध हैं। कंपनी का इनोवेटिव मेडिसिन पोर्टफोलियो डर्मेटोलॉजी, ऑप्थैल्मोलॉजी और ऑन्को-डर्मेटोलॉजी जैसे क्षेत्रों में फैला है। कंपनी की फाइलिंग के अनुसार, इनोवेटिव मेडिसिन कारोबार उसकी कुल बिक्री में करीब 22 फीसदी योगदान देता है।

शेयर बाजार में कंपनी की चाल
Sun Pharma के शेयर पर 1 सितंबर को शुरुआती कारोबार में हल्का दबाव दिखाई दिया। बाजार खुलने के समय शेयर करीब 0.69 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा था। हालांकि अलग-अलग अवधि में तस्वीर कुछ बेहतर नजर आती है। पिछले एक महीने में शेयर में करीब 0.31 फीसदी की तेजी दर्ज की गई, जबकि एक साल की अवधि में इसमें लगभग 25.12 फीसदी का उछाल देखने को मिला है। कुल मिलाकर अमेरिकी सरकार के साथ हुआ यह समझौता Sun Pharma के लिए लाभकारी होगा।

Related Articles

Leave a Reply