बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा अब वेब सीरीज की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। उनकी पहली ओटीटी सीरीज ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ जल्द ही नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाली है। सीरीज में परिणीति एक मां की भूमिका में नजर आएंगी, जो अपने लापता बच्चे की तलाश में कई सालों से जुटी हुई है। सीरीज का ट्रेलर पहले ही रिलीज हो चुका है और इसकी कहानी रहस्य और शक के इर्द-गिर्द घूमती नजर आ रही है। ‘शक’ का प्रीमियर 24 सितंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर होगा।
राघव चड्ढा ने पत्नी के लिए लिखा खास मैसेज
सीरीज की रिलीज से पहले परिणीति के पति राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पर उनके लिए एक खास पोस्ट शेयर किया है। राघव ने परिणीति की मेहनत की तारीफ करते हुए लिखा कि उन्हें उन पर गर्व है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने शिमला में सीरीज की शूटिंग के दौरान कुछ समय टीम के साथ बिताया और वहां पूरी टीम की मेहनत और प्रतिभा को करीब से देखा।
राघव ने परिणीति और ‘शक’ की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि यह सीरीज दर्शकों को अंत तक सोचने पर मजबूर करेगी। उन्होंने 24 सितंबर को सीरीज देखने का इंतजार होने की बात भी कही।
परिणीति ने राघव के इस पोस्ट पर जवाब देते हुए उन्हें धन्यवाद दिया और लिखा कि लोगों को यह पता होना चाहिए कि इस पूरे दौर में राघव ने उनका कितना साथ दिया और वह कितने प्रोटेक्टिव पति रहे।
ट्रेलर लॉन्च पर परिणीति ने भी की थी राघव की तारीफ
इससे पहले 10 सितंबर को मुंबई में हुए ‘शक’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान परिणीति ने भी राघव चड्ढा के बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने राघव को एक बेहद प्रोटेक्टिव और सपोर्टिव पिता बताया।
परिणीति ने कहा कि पिता के तौर पर राघव का एक अलग ही रूप उन्होंने देखा है। उन्होंने यह भी बताया कि मां बनने के बाद महिलाओं की जिंदगी में शारीरिक, भावनात्मक और सामाजिक स्तर पर कई बदलाव आते हैं और ऐसे समय में पार्टनर का साथ बेहद मायने रखता है। परिणीति के मुताबिक, जब वह खुद को कमजोर महसूस करती हैं तो राघव उनका साथ देते हैं और उनके काम व आराम को लेकर खड़े रहते हैं।
प्रेग्नेंसी के दौरान हुई थी ‘शक’ की शूटिंग
‘शक’ से जुड़ी एक और खास बात यह है कि परिणीति को शूटिंग के दौरान अपनी प्रेग्नेंसी के बारे में पता चला था। उन्होंने बताया कि इस दौरान सीरीज के मेकर्स ने उनकी सुविधा का पूरा ध्यान रखा और शूटिंग में जरूरी बदलाव किए। राघव भी उनके साथ रहने के लिए शिमला पहुंचे थे।
इस तरह ‘शक’ परिणीति चोपड़ा के लिए सिर्फ उनका ओटीटी डेब्यू ही नहीं, बल्कि निजी जिंदगी के एक खास दौर से जुड़ा प्रोजेक्ट भी है। अब देखना होगा कि 24 सितंबर को रिलीज होने वाली यह रहस्य-रोमांच से भरपूर सीरीज दर्शकों को कितनी पसंद आती है।

