Mirzapur The Movie: ओटीटी पर अपनी अलग पहचान बना चुकी ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी अब बड़े पर्दे पर पहुंच गई है। ‘मिर्जापुर द मूवी’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और रिलीज से पहले ही फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। एडवांस बुकिंग के आंकड़े भी इस क्रेज की कहानी बयां कर रहे हैं। अब नजर इस बात पर है कि फिल्म अपने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर कितना दम दिखाती है।
एडवांस बुकिंग में दिखा जबरदस्त क्रेज
फिल्म की रिलीज से पहले ही टिकटों की बिक्री ने रफ्तार पकड़ ली थी। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, हिंदी 2D में पहले दिन के लिए 3 लाख 25 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके थे। वहीं तेलुगु 2D में भी करीब 2,500 टिकटों की एडवांस बुकिंग दर्ज की गई। बिना ब्लॉक सीटों को शामिल किए फिल्म ने प्री-सेल में करीब 9.19 करोड़ रुपये जुटाए। वहीं ब्लॉक सीटों को जोड़ने पर एडवांस बुकिंग का आंकड़ा बढ़कर लगभग 12.55 करोड़ रुपये पहुंच गया। इन आंकड़ों से साफ है कि ‘मिर्जापुर द मूवी’ को लेकर फैंस में खासा उत्साह है।
सुबह के शो में कैसी रही ऑक्यूपेंसी?
रिलीज के दिन सुबह 11 बजे तक सामने आए शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने हिंदी में करीब 3.15 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी। इस दौरान हिंदी शो की ऑक्यूपेंसी लगभग 22 फीसदी रही। तेलुगु वर्जन की बात करें तो सुबह 11 बजे तक करीब 3 लाख रुपये का कलेक्शन दर्ज हुआ और ऑक्यूपेंसी लगभग 16 फीसदी रही। इस तरह शुरुआती आंकड़ों में फिल्म का कुल कलेक्शन करीब 3.18 करोड़ रुपये पहुंच गया था।
कितने करोड़ की ओपनिंग का अनुमान?
एडवांस बुकिंग की मजबूत शुरुआत को देखते हुए फिल्म की ओपनिंग को लेकर भी उम्मीदें बढ़ गई हैं। शुरुआती अनुमानों के मुताबिक ‘मिर्जापुर द मूवी’ पहले दिन 20 से 25 करोड़ रुपये के आसपास का कलेक्शन कर सकती है। अगर फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स और पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ मिलता है, तो इसकी कमाई 30 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि, दिनभर के सभी शो के बाद ही पहले दिन की वास्तविक कमाई का स्पष्ट आंकड़ा सामने आएगा।
पुराने किरदारों के साथ नए चेहरों की एंट्री
फिल्म में ‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज के कई लोकप्रिय कलाकार एक बार फिर अपने चर्चित किरदारों के साथ नजर आ रहे हैं। पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, रसिका दुग्गल, श्रिया पिलगांवकर, श्वेता त्रिपाठी और अभिषेक बनर्जी जैसे कलाकार फिल्म का हिस्सा हैं। वहीं फिल्म में रवि किशन, जितेंद्र कुमार और सोनल चौहान समेत कुछ नए चेहरों की एंट्री भी हुई है। पुराने किरदारों और नए कलाकारों के इस मेल ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
अब बॉक्स ऑफिस पर किसका रहेगा भौकाल?
‘मिर्जापुर’ की लोकप्रियता को देखते हुए फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर बड़ी शुरुआत की उम्मीद की जा रही है। एडवांस बुकिंग ने पहले ही मजबूत माहौल बना दिया है। अब असली परीक्षा दर्शकों की प्रतिक्रिया और दिनभर की ऑक्यूपेंसी पर निर्भर करेगी। अगर फिल्म को पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला, तो ‘मिर्जापुर द मूवी’ अपने पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर बड़ा रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ सकती है।

