नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म के पहले गाने ‘जय जय राम’ ने रिलीज होते ही दर्शकों का ध्यान खींचा और सोशल मीडिया पर इसे लेकर प्रतिक्रियाएं आने लगीं। इसी बीच फिल्म ‘आदिपुरुष’ के डायलॉग राइटर मनोज मुंतशिर की एक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बन गई। खास बात यह रही कि उन्होंने ‘जय जय राम’ के रिलीज होने के कुछ ही घंटों बाद प्रभास की फिल्म ‘आदिपुरुष’ का गाना ‘राम सिया राम’ शेयर किया।
मनोज मुंतशिर ने शेयर किया ‘राम सिया राम’
मनोज मुंतशिर ने X पर ‘आदिपुरुष’ के गाने का वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘राम-सिया की मार्मिक कहानी। एक चंदन है, तो दूसरा पानी।’ उनकी पोस्ट में कहीं भी ‘रामायणम्’ या उसके नए रिलीज हुए गाने का सीधा उल्लेख नहीं था। इसके बावजूद पोस्ट का समय सोशल मीडिया यूजर्स के बीच चर्चा का कारण बन गया। कई लोगों ने दोनों घटनाओं को जोड़ते हुए मनोज मुंतशिर की पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं।
कुछ यूजर्स ने इसे ‘रामायणम्’ के नए गाने से जोड़कर देखा, जबकि कुछ ने ‘आदिपुरुष’ से जुड़े पुराने विवादों का जिक्र करते हुए मनोज मुंतशिर को निशाने पर लिया। वहीं कुछ टिप्पणियों में उनकी तुलना लेखक कुमार विश्वास से भी की गई।
सोशल मीडिया पर शुरू हुई बहस
मनोज मुंतशिर की पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का सिलसिला तेज हो गया। कुछ यूजर्स ने आरोप लगाया कि वह रणबीर कपूर स्टारर ‘रामायणम्’ की चर्चा के बीच ‘आदिपुरुष’ का गाना साझा करके अपनी पुरानी फिल्म की ओर ध्यान खींच रहे हैं। वहीं कुछ लोगों ने इसे महज एक सामान्य सोशल मीडिया पोस्ट माना।
एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर यह भी राम से जुड़ा गाना है तो इससे किसी को परेशानी क्यों होनी चाहिए। एक अन्य यूजर ने पोस्ट के समय को लेकर सवाल उठाते हुए इसे ‘जलन’ से जोड़ दिया। कुछ लोगों ने ‘आदिपुरुष’ में दिखाए गए किरदारों और संवादों को लेकर हुई आलोचना भी याद दिलाई। इस दौरान कुमार विश्वास को लेकर भी कई टिप्पणियां देखने को मिलीं।
‘आदिपुरुष’ रिलीज के बाद हुआ था विवाद
प्रभास, कृति सेनन, सैफ अली खान और सनी सिंह अभिनीत ‘आदिपुरुष’ जून 2023 में रिलीज हुई थी। फिल्म की कहानी रामायण से प्रेरित थी, लेकिन रिलीज के बाद इसके कई पहलुओं पर दर्शकों ने आपत्ति जताई। खासतौर पर फिल्म के संवादों और रावण तथा भगवान हनुमान जैसे पात्रों के चित्रण को लेकर विवाद हुआ।
फिल्म के एक संवाद ‘कपड़ा तेरे बाप का’ को लेकर भी काफी विरोध हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद मेकर्स ने इस लाइन में बदलाव किया। फिल्म को लेकर बाद में सुप्रीम कोर्ट में CBFC सर्टिफिकेशन रद्द करने की मांग को लेकर याचिका भी दाखिल हुई थी, जिसे शीर्ष अदालत ने खारिज कर दिया था।
मनोज मुंतशिर ने खुद मानी थी बड़ी गलती
‘आदिपुरुष’ को लेकर हुई आलोचना पर मनोज मुंतशिर पहले भी सार्वजनिक तौर पर अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। टाइम्स नाउ को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने फिल्म को लेकर कहा था कि ‘आदिपुरुष’ उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती थी और फिल्म का बचाव करना उससे भी बड़ी गलती थी।
उन्होंने फिल्म से जुड़े घटनाक्रम पर शर्मिंदगी जताते हुए देश से माफी भी मांगी थी। ऐसे में अब उनकी नई सोशल मीडिया पोस्ट के सामने आने के बाद ‘आदिपुरुष’ एक बार फिर ऑनलाइन चर्चा में आ गई है।
बड़े स्तर पर तैयार हो रही है ‘रामायणम्’
दूसरी ओर नितेश तिवारी की ‘रामायणम्’ को बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में दिखाई देंगे।
यह प्रोजेक्ट दो हिस्सों में रिलीज किए जाने की योजना के साथ तैयार हो रहा है। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के साथ मिलकर किया है। वहीं, सोनी पिक्चर्स भारत के बाहर फिल्म के ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी संभालेगी।

