लखनऊ। कृष्णानगर इलाके में पति से विवाद के बाद एक महिला ने नहर में छलांग लगा दी। नहर के पास मौजूद लोगों ने जब महिला को डूबते देखा तो शोर मचाया। इसी दौरान वहां वाहन चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। महिला को प्राथमिक उपचार के लिए लोकबंधु अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली सूचना
घटना 10 सितंबर की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार कासिमपुर पकरी आजाद नगर निवासी गुड़िया का अपने पति सतीश लोधी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद महिला ने नहर में छलांग लगा दी। उस समय उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह और कांस्टेबल महताब पकरी पुलिया के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान नहर की तरफ से शोर सुनाई दिया। पुलिसकर्मी तत्काल वहां पहुंचे तो महिला नहर में फंसी हुई थी।
साड़ी के सहारे महिला को निकाला बाहर
महिला को नहर से बाहर निकालने के लिए पुलिसकर्मियों ने आसपास मौजूद लोगों की मदद ली। मौके पर मौजूद एक महिला की साड़ी की सहायता से गुड़िया तक पहुंच बनाई गई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुंचाया। समय रहते हुई इस कार्रवाई से महिला की जान बच गई। अस्पताल में इलाज के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पति की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद इलाके में स्थिति सामान्य है। महिला के पति सतीश लोधी की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद की परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

