• info@thevaarta.com

‘नीला ड्रम हत्याकांड’ के बाद उन्नाव में हुआ ‘बक्सा कांड’, पति की हत्या कर हाईवे किनारे फेंका शव

‘नीला ड्रम हत्याकांड’ के बाद उन्नाव में हुआ ‘बक्सा कांड’, पति की हत्या कर हाईवे किनारे फेंका शव

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक युवक की हत्या और उसके शव को बक्से में बंद कर हाईवे किनारे फेंकने का मामला सामने आया है। इस सनसनीखेज वारदात में मृतक की पत्नी का नाम सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने कथित तौर पर हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए मजदूरों को लेबर चौक से अपने घर बुलाया था। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

हाईवे किनारे पड़े बक्से ने खोला खौफनाक राज
मंगलवार रात करीब 10 बजे उन्नाव-लालगंज हाईवे पर ललऊखेड़ा चौकी से लगभग 500 मीटर दूर सर्विस लेन पर एक बड़ा बक्सा पड़ा मिला। सड़क किनारे संदिग्ध हालत में बक्सा देखकर स्थानीय लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जब बक्सा खोला गया, तो उसके भीतर एक युवक का शव बरामद हुआ। इस दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए।

मृतक की उम्र करीब 32 वर्ष बताई जा रही है। युवक पैंट-शर्ट पहने हुए था और उसका सिर पन्नी से लिपटा मिला। आंख और कान के पास गंभीर चोटों के निशान मिलने से पुलिस को आशंका हुई कि उसकी हत्या किसी भारी वस्तु से वार करके की गई होगी।

लेबर चौक से बुलाए मजदूर
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मृतक की पत्नी की भूमिका के बारे में अहम जानकारी मिली। आरोप है कि महिला ने वारदात को अंजाम देने के लिए लेबर चौक से मजदूरों को घर बुलाया था। इसके बाद पति की हत्या कर शव को बक्से में बंद किया गया और हाईवे किनारे छोड़ दिया गया। हालांकि, वारदात में अन्य लोगों की भूमिका और पूरी साजिश का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी जयप्रकाश सिंह, सीओ विनी सिंह और सदर कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस राघव रिसॉर्ट समेत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

जांच में यह आशंका भी जताई गई है कि युवक की हत्या किसी दूसरी जगह की गई और बाद में शव को लोडर में रखकर हाईवे किनारे फेंका गया। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह, घटनाक्रम और संभावित सहयोगियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply