हिंदी और मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का निधन हो गया है। उनके अचानक दुनिया से चले जाने की खबर ने फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ उनके करोड़ों प्रशंसकों को स्तब्ध कर दिया है। अपनी दमदार आवाज, बेबाक अंदाज और हर किरदार में जान डाल देने वाली अदाकारी के लिए पहचाने जाने वाले नाना पाटेकर के निधन से बॉलीवुड और मराठी सिनेमा में शोक की लहर है।
सुबह 5:20 बजे बिगड़ी तबीयत, नहीं बच सकी जान
मिली जानकारी के मुताबिक, नाना पाटेकर गोवा में अपने निजी काम के सिलसिले में मौजूद थे। गुरुवार सुबह करीब 5:20 बजे उनके डोना पाउला स्थित आवास पर उनकी तबीयत अचानक बेहद गंभीर हो गई। उन्हें बेहोशी की हालत में पाया गया, जिसके बाद तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें गंभीर कार्डियक अरेस्ट आया था। अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने करीब 45 मिनट तक लगातार CPR देकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें रिवाइव नहीं किया जा सका। डॉक्टरों ने बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मेडिको-लीगल केस दर्ज, पोस्टमार्टम की तैयारी
नाना पाटेकर की मौत के मामले में मेडिको-लीगल केस (MLC) दर्ज किया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक, उनके पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम भी कराया जाएगा। इस प्रक्रिया के बाद ही मौत से जुड़ी मेडिकल जानकारी और स्पष्ट हो सकेगी।
नाना के बेटे मल्हार पाटेकर ने भी उनके निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि परिवार गोवा के लिए रवाना हो चुका है। नाना पाटेकर का पार्थिव शरीर दोपहर के बाद पुणे लाए जाने की जानकारी सामने आई है।
रजनीकांत बोले- यकीन नहीं हो रहा
नाना पाटेकर के निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों ने उन्हें याद किया। अभिनेता रजनीकांत ने भावुक होकर अपने प्रिय मित्र को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि उनके प्यारे दोस्त ‘नानाजी’ अब उनके बीच नहीं रहे। रजनीकांत ने नाना के परिवार और चाहने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति की कामना की।
पीएम मोदी ने बताया असाधारण कलाकार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नाना पाटेकर के निधन पर गहरा शोक जताया। उन्होंने उन्हें एक असाधारण कलाकार और निर्भीक व्यक्तित्व बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि नाना की अदाकारी में ऐसी तीव्रता और मौलिकता थी, जो उन्हें अन्य कलाकारों से अलग बनाती थी।
राहुल गांधी ने भी जताया दुख
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नाना पाटेकर के निधन को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि उनके अभिनय और यादगार किरदारों ने भारतीय सिनेमा के साथ दर्शकों के दिलों पर भी अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने शोकाकुल परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
आज होगा अंतिम संस्कार
नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार पुणे स्थित उनके फार्महाउस में शाम 4 बजे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा. अभिनेता के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों में शोक की लहर है. नाना का अपने फार्महाउस और गांव से गहरा जुड़ाव था. वह यहां खेती भी करते थे और सादगी भरी जिंदगी पसंद करते थे. अब इसी जगह उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी, जहां से उनका प्रकृति और मिट्टी से खास रिश्ता जुड़ा रहा.
नाना पाटेकर ने ‘परिंदा’, ‘क्रांतिवीर’ और ‘अग्निसाक्षी’ जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय किया और राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित हुए। पर्दे पर उनके निभाए किरदार लंबे समय तक दर्शकों की यादों में जीवित रहे।
नाना पाटेकर के निधन से भारतीय सिनेमा ने एक ऐसा कलाकार खो दिया है, जिसकी अदाकारी, आवाज और बेबाक व्यक्तित्व की अपनी अलग पहचान थी। उनके जाने से फिल्म जगत में पैदा हुआ यह खालीपन लंबे समय तक महसूस किया जाएगा।

