• info@thevaarta.com

पार्टी छोड़ते वक्त BJP प्रवक्ता ने पैसे की कमी बताई थी वजह, अब रियल्टी शो में दिखेंगे शहजाद पूनावाला

पार्टी छोड़ते वक्त BJP प्रवक्ता ने पैसे की कमी बताई थी वजह, अब रियल्टी शो में दिखेंगे शहजाद पूनावाला

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी से नाता तोड़ने के बाद शहजाद पूनावाला अब अपनी पेशेवर जिंदगी का एक नया अध्याय शुरू करने जा रहे हैं। लंबे समय तक टीवी डिबेट में बीजेपी का पक्ष रखने वाले पूनावाला अब राजनीति के बजाय रियलिटी टेलीविजन में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने वाले हैं। ‘Rise and Fall’ के दूसरे सीजन के ट्रेलर में उनकी झलक सामने आने के बाद शो में उनकी भागीदारी की पुष्टि हो गई है।

अगस्त में BJP से अलग होने का लिया था फैसला
पूनावाला ने अगस्त 2026 में बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपने फैसले के पीछे आर्थिक और निजी परिस्थितियों को वजह बताया था। उनके मुताबिक, राजनीतिक दलों में प्रवक्ता की भूमिका के लिए नियमित वेतन नहीं मिलता और लंबे समय तक इस व्यवस्था में रहने के बाद उनके लिए निजी खर्च संभालना मुश्किल हो रहा था।

एक इंटरव्यू में उन्होंने अपनी स्थिति का जिक्र करते हुए कहा था कि – बीजेपी समेत राजनीतिक पार्टियां अपने प्रवक्ताओं को सैलरी नहीं देती हैं और उन्हें अपना गुजारा करने में मुश्किल हो रही थी। शहजाद पूनावाला ने कहा, “मुझे किराया देना है। मेरा मकान मालिक मुझे मुफ्त में घर नहीं देगा क्योंकि मैं बीजेपी से हूं। वह 1 तारीख को किराया मांगता है। राजनीतिक पार्टियां कार्यकर्ताओं को पैसे नहीं देती हैं।”। पूनावाला ने यह भी कहा था कि वह निजी क्षेत्र में लौटने का फैसला कर रहे हैं।

‘व्यवस्था छोड़ी, विचार नहीं’
बीजेपी से विदाई के दौरान पूनावाला ने अपने फैसले को वैचारिक बदलाव के तौर पर पेश नहीं किया था। अपने इस्तीफे में उन्होंने कहा था कि वह संगठन से अलग हो रहे हैं और जहां संभव होगा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा बीजेपी के विजन और काम का समर्थन करते रहेंगे। उन्होंने पार्टी नेतृत्व के प्रति सम्मान भी जताया था।

अब टीवी पर बदलेगा अंदाज
राजनीतिक बहसों में अपनी मुखर मौजूदगी के लिए पहचाने जाने वाले पूनावाला अब ‘Rise and Fall’ में एक बिल्कुल अलग भूमिका में दिखाई देंगे। शो का दूसरा सीजन 26 सितंबर 2026 से शुरू होने वाला है। इस सीजन में उनके साथ अभिनेत्री स्वरा भास्कर, रियलिटी टीवी की चर्चित हस्ती प्रियंका चाहर चौधरी और टीवी अभिनेता करण पटेल भी नजर आएंगे।

अशनीर ग्रोवर की जगह कौन संभालेगा कमान?
‘Rise and Fall’ के नए सीजन में होस्ट के तौर पर भी बड़ा बदलाव किया गया है। पहले सीजन की मेजबानी करने वाले अशनीर ग्रोवर की जगह अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग शो को होस्ट करेंगे। यानी इस बार राजनीतिक बहसों के चर्चित चेहरे शहजाद पूनावाला के साथ क्रिकेट की दुनिया का जाना-पहचाना नाम भी इस रियलिटी शो का हिस्सा होगा।

Related Articles

Leave a Reply