नीम करौली बाबा यानी महाराज जी की जिंदगी और उनकी आध्यात्मिक शिक्षाओं से प्रेरित फिल्म “HANUMAN ANSH” ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। कम बजट में बनी इस फिल्म ने कमाई के मामले में उम्मीद से कहीं ज्यादा बेहतर प्रदर्शन किया और अब इसकी नजर देश से बाहर के दर्शकों पर है। मेकर्स ने फिल्म की ग्लोबल रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है।
“HANUMAN ANSH” देगी दुनिया भर में दस्तक
भारत में दर्शकों का प्यार पाने के बाद “HANUMAN ANSH” अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म को विदेशों में रिलीज करने की जिम्मेदारी होम्बले फिल्म्स के ओवरसीज डिवीजन ने संभाली है। मेकर्स के मुताबिक फिल्म 11 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। फिल्म की ग्लोबल रिलीज का ऐलान करते हुए होम्बले फिल्म्स ने इसे आस्था और आध्यात्मिकता से जुड़ी ऐसी कहानी बताया, जो भौगोलिक सीमाओं से आगे जाकर दर्शकों तक पहुंचने वाली है। फिल्म का केंद्र नीम करौली बाबा का जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा है।
2 करोड़ की फिल्म ने कमाए 61 करोड़ से ज्यादा
‘हनुमान अंश’ की सबसे दिलचस्प कहानी इसकी कमाई है। करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के 27 दिनों में 61.88 करोड़ रुपये की नेट कमाई कर ली है। फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब 72.97 करोड़ रुपये बताया गया है। कम बजट और मजबूत कंटेंट के दम पर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और इसे ब्लॉकबस्टर घोषित किया जा चुका है। अब अंतरराष्ट्रीय रिलीज के बाद इसकी कमाई का दायरा कितना बढ़ता है, इस पर भी दर्शकों और फिल्म इंडस्ट्री की नजर रहेगी।
हनुमान अंश की स्टार कास्ट
‘हनुमान अंश’ का निर्देशन और लेखन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में नीम करौली बाबा के किरदार को शोभिनव सत्या ने निभाया है, जबकि कहानी के दूसरे दौर में विहान शेडगे महाराज जी की भूमिका में नजर आते हैं। फिल्म की स्टारकास्ट में चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी और गुलशन पांडे जैसे कलाकार भी शामिल हैं। करीब 2 घंटे 30 मिनट लंबी इस फिल्म को U सर्टिफिकेट मिला है।
कैंची धाम से ग्लोबल स्क्रीन तक पहुंचेगी कहानी
नीम करौली बाबा को उनके अनुयायी प्यार से महाराज जी कहते हैं। उत्तराखंड के कैंची धाम से जुड़ी उनकी आध्यात्मिक विरासत और शिक्षाओं का प्रभाव भारत के बाहर भी देखने को मिलता है। ऐसे में ‘हनुमान अंश’ की ग्लोबल रिलीज फिल्म की कमाई बढ़ाने साथ ही महाराज जी की कहानी और उनके संदेश को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश रहेगी।

