• info@thevaarta.com

बिहार के अशोकधाम मंदिर में मची अफरा-तफरी, 7 लोगों की मौत

बिहार के अशोकधाम मंदिर में मची अफरा-तफरी, 7 लोगों की मौत

बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सोमवार सुबह भारी भीड़ के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस दुखद घटना में अब तक सात लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

लंबी लाइन और अचानक फैली अफवाह बनी परेशानी की वजह
प्रशासन के अनुसार, अशोकधाम हॉल्ट रेलवे स्टेशन के सामने से लेकर मंदिर तक श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान स्टेशन पर दो ट्रेनों के पहुंचने से इलाके में लोगों की आवाजाही और बढ़ गई। बताया जा रहा है कि इसी बीच बिजली के खंभे के गिरने की अफवाह फैल गई, जबकि वास्तव में केवल बिजली का तार टूटा था।

अफवाह फैलते ही भीड़ में घबराहट पैदा हो गई। खासकर महिलाओं की लाइन पर अचानक दबाव बढ़ा और कई महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं। देखते ही देखते स्थिति बेहद गंभीर हो गई।

महिलाओं की लाइन में बढ़ा दबाव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भारी भीड़ के कारण कई लोग संभल नहीं सके और जमीन पर गिर पड़े। कुछ महिलाएं भीड़ के दबाव में बेहोश हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकालने की कोशिश की, जिसके बाद प्रशासन और बचाव दल ने स्थिति को संभाला।

लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार भी घायलों का हाल जानने सदर अस्पताल पहुंचे। वहीं प्रशासनिक अधिकारी मंदिर परिसर और आसपास की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और राहत-बचाव कार्य को लेकर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर धार्मिक स्थलों पर भारी भीड़ के दौरान बेहतर व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन की जरूरत पर सवाल खड़े हो गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply