मुंबई। बॉलीवुड की मशहूर सिंगर Sukriti Kakar इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। ‘कर गई चुल्ल’ और ‘झूमे जो पठान’ जैसे लोकप्रिय गानों से अपनी पहचान बनाने वाली सुकृति कक्कड़ ने अपने लंबे समय से बॉयफ्रेंड रहे शौमिक शेट्टी के साथ सगाई कर ली है। सुकृति ने सोशल मीडिया पर इस खास मौके की तस्वीरें शेयर करते हुए फैंस को अपनी नई शुरुआत की झलक दिखाई है।
सुकृति कक्कड़ ने इंस्टाग्राम पर सगाई से जुड़ी कई तस्वीरें साझा की हैं। तस्वीरों में शौमिक शेट्टी रोमांटिक अंदाज में घुटनों पर बैठकर सुकृति को अंगूठी पहनाते नजर आ रहे हैं। इस खास पल के दौरान सुकृति के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही है। प्रपोजल की तस्वीरों के बैकग्राउंड में हरियाली और खूबसूरत प्राकृतिक नजारा नजर आ रहा है। सगाई के बाद दोनों ने साथ में क्वालिटी टाइम भी बिताया। एक तस्वीर में कपल खूबसूरत लोकेशन पर डिनर डेट का आनंद लेते हुए दिखाई दे रहा है।
डायमंड रिंग ने खींचा ध्यान
सुकृति ने अपनी सगाई की तस्वीरों में डायमंड रिंग भी फ्लॉन्ट की। तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, ‘आज, कल और हमेशा।’ इसके साथ उन्होंने रिंग और हार्ट इमोजी का इस्तेमाल किया। सुकृति की पोस्ट सामने आने के बाद उनके फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की ओर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
‘कर गई चुल्ल’ से मिली खास पहचान
सुकृति कक्कड़ ने बॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री में कई लोकप्रिय गानों को अपनी आवाज दी है। फिल्म ‘कपूर एंड संस’ का गाना ‘कर गई चुल्ल’ उनके करियर के सबसे चर्चित गानों में शामिल है। इसके अलावा ‘झूमे जो पठान’, ‘मैंने तुझको देखा’ और ‘हमराह’ जैसे गानों से भी उन्होंने दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। सुकृति अपनी जुड़वां बहन प्रकृति कक्कड़ के साथ भी कई म्यूजिक प्रोजेक्ट्स में काम कर चुकी हैं। दोनों बहनों की जोड़ी म्यूजिक इंडस्ट्री में काफी लोकप्रिय है।
कौन हैं शौमिक शेट्टी?
सुकृति के मंगेतर शौमिक शेट्टी मुंबई के बिजनेसमैन हैं। उनका काम वेलनेस, हॉस्पिटैलिटी और लग्जरी एक्सपीरियंस से जुड़े कारोबार से संबंधित है। उनके LinkedIn प्रोफाइल के अनुसार, वह लग्जरी पैडल क्लब ‘कोर्टसाइड’ के को-फाउंडर हैं। सुकृति और शौमिक की सगाई की तस्वीरें सामने आने के बाद फैंस अब इस कपल की शादी को लेकर भी उत्सुक नजर आ रहे हैं।

