CJP प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, फेक न्यूज़ फैलाने वालों पर पुलिस सख्त
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस 480 पाकिस्तानी हैंडल, जंतर-मंतर पर जारी कॉक्रोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उसने पाकिस्तान से जुड़े 480 सोशल मीडिया हैंडल की पहचान कर उन्हें ब्लॉक कर दिया है। पुलिस के अनुसार, ये अकाउंट समन्वित तरीके से फर्जी खबरें, भ्रामक सूचनाएं और दुष्प्रचार फैलाने में सक्रिय थे।
दिल्ली पुलिस ने एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों, खासकर छात्रों और युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी पोस्ट, वीडियो या दावे पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। पुलिस ने कहा कि केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर विश्वास करें और किसी भी संदिग्ध या भड़काऊ पोस्ट को सत्यापन के बिना साझा न करें।
पुलिस का दावा है कि जिन सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान की गई है, उनमें से कई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भी सक्रिय थे और अब CJP के प्रदर्शन के दौरान माहौल प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, इनका उद्देश्य लोगों को भड़काना और विशेष रूप से छात्रों को गुमराह करना था।
दिल्ली पुलिस ने छात्रों से अपील की कि वे फेक पोस्ट, एडिट किए गए वीडियो और अनजान सोशल मीडिया हैंडल से सावधान रहें तथा किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।
इस बीच पाकिस्तान से भी CJP के प्रदर्शन को लेकर प्रतिक्रिया सामने आई। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने इस पूरे घटनाक्रम को भारत का आंतरिक मामला बताते हुए इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

