लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्यसभा चुनाव से लेकर Gen-Z, बीजेपी और चुनाव आयोग तक कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। इस दौरान उनका एक बयान खासा चर्चा में रहा, जिसमें उन्होंने सोशल मीडिया और युवाओं के बीच चर्चित हो रहे ‘एक कचौड़ी, दो समोसे’ वाले नारे का जिक्र करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा।
राज्यसभा चुनाव में तीसरे उम्मीदवार पर क्या बोले अखिलेश?
राज्यसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के तीसरे उम्मीदवार को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि पहले विधायकों की संख्या का आंकड़ा पूरा किया जाएगा, उसके बाद उम्मीदवार के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विधायकों को साथ लाना और चुनावी गणित तैयार करना समय लेने वाली प्रक्रिया है। अखिलेश ने यह भी दावा किया कि कुछ ऐसे लोग हैं जो दोबारा सपा के संपर्क में आना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने उम्मीदवार के नाम को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की।
Gen-Z को लेकर अखिलेश की क्या योजना?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के Gen-Z सम्मेलन को लेकर सवाल पूछे जाने पर अखिलेश यादव ने अपने पुराने ‘भजन जैमिंग’ वाले बयान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सपा जल्द ही युवाओं के लिए कार्यक्रम आयोजित करेगी और पार्टी के घोषणापत्र में भी युवाओं से जुड़े मुद्दों को जगह दी जाएगी।
‘पीएम कब बनेंगे?’ सवाल पर दिया जवाब
जब अखिलेश यादव से पूछा गया कि वह प्रधानमंत्री कब बनेंगे, तो उन्होंने कहा, “यूपी तक रखो हमें, आगे मत जाने दो।” इसके साथ ही उन्होंने राज्य की राजनीति पर अपना फोकस बनाए रखने की बात कही।
‘एक कचौड़ी, दो समोसे’ नारे का किया जिक्र
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने दिल्ली में चर्चा में आए नारे का जिक्र करते हुए कहा, “एक कचौड़ी, दो समोसा… बीजेपी पर नहीं भरोसा।” उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले एक समोसे की बात सुनी थी, लेकिन बाद में नारे में दो समोसे जुड़ गए। यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी।
चुनाव आयोग पर भी उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने बीजेपी के बड़े कार्यालयों का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव आयोग के लिए भी ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में PDA और Gen-Z बीजेपी के खिलाफ राजनीतिक बदलाव की भूमिका निभाएंगे। यह उनके राजनीतिक आकलन और बयान का हिस्सा है।

