अयोध्या। राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में बढ़ी वीआईपी और वीवीआईपी आवाजाही को देखते हुए प्रशासनिक और अतिथि सुविधाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है। इसी कड़ी में कौशल्या घाट के पास बन रहे नए सर्किट हाउस का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार, परियोजना का करीब 57 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और बाकी निर्माण निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का लक्ष्य है।
12 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत
कौशल्या घाट के समीप तैयार हो रहा यह सर्किट हाउस करीब 12.13 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनाया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे निर्माण में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने की बात कही गई है। भवन तैयार होने के बाद यह अयोध्या आने वाले विशिष्ट अतिथियों और प्रशासनिक अधिकारियों के ठहरने के साथ-साथ महत्वपूर्ण बैठकों और प्रशासनिक गतिविधियों के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
आधुनिकता के साथ दिखेगी रामनगरी की झलक
लोक निर्माण विभाग सीडी-2 के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्र के मुताबिक, सर्किट हाउस का डिजाइन आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही भवन में अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान की झलक भी दिखाई देगी।
30 कमरे और दो VIP सुइट
नए सर्किट हाउस में कुल 30 आधुनिक कमरे बनाए जा रहे हैं। इनमें दो विशेष वीआईपी सुइट होंगे। इसके अलावा मॉड्यूलर किचन, बड़ा डाइनिंग हॉल, आकर्षक वॉल लाइटिंग, लग्जरी बाथरूम और पर्याप्त पार्किंग जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। परियोजना पूरी होने के बाद अयोध्या में आने वाले वीआईपी और वीवीआईपी मेहमानों के लिए ठहरने की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी। साथ ही, प्रशासनिक आयोजनों और उच्चस्तरीय बैठकों के लिए भी शहर को एक आधुनिक सुविधा मिल सकेगी।

