वाराणसी से दिल्ली जा रही AIR India की फ्लाइट को बुधवार सुबह अचानक लखनऊ का रुख करना पड़ा। विमान के पिछले हिस्से में मौजूद कार्गो कंपार्टमेंट से स्मोक इंडिकेशन मिलने के बाद पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लाइट की लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई। विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों के सुरक्षित होने से एयरपोर्ट प्रशासन ने राहत की सांस ली।
उड़ान के बीच मिला स्मोक इंडिकेशन
जानकारी के अनुसार, AIR India की फ्लाइट IX-1253 वाराणसी से दिल्ली के लिए उड़ान भर चुकी थी। सफर के दौरान विमान के आफ्ट कार्गो कंपार्टमेंट में धुएं का संकेत मिलने से पायलट और क्रू सतर्क हो गए। स्थिति को देखते हुए विमान को दिल्ली ले जाने के बजाय एहतियात के तौर पर लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। फ्लाइट ने सुबह करीब 8:52 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर मौजूद संबंधित सुरक्षा और आपातकालीन टीमों को अलर्ट कर दिया गया।
जांच में विमान के अंदर नहीं दिखा धुआं
विमान के रनवे पर पहुंचते ही इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम ने तत्काल उसका विजुअल इंस्पेक्शन किया। शुरुआती जांच के दौरान न तो विमान के केबिन में और न ही कार्गो कंपार्टमेंट में धुआं दिखाई दिया। इसके बाद विमान को एयरपोर्ट के निर्धारित स्टैंड पर पार्क किया गया। सुरक्षा प्रक्रिया के तहत यात्रियों को विमान से बाहर निकालने की कार्रवाई करीब 9:02 बजे शुरू हुई। देखते ही देखते सभी 155 यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित विमान से बाहर आ गए। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
तकनीकी टीम कर रही विमान की विस्तृत जांच
स्मोक इंडिकेशन सामने आने के बाद विमान को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति देने से पहले उसकी तकनीकी जांच की जा रही है। शुरुआती निरीक्षण में धुआं नजर नहीं आने के बावजूद सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए विमान के संबंधित सिस्टम और कार्गो कंपार्टमेंट की विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की जानकारी नहीं है। तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही विमान की आगे की उड़ान को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

