‘राहुल गांधी चर्चा छोड़कर धरने पर बैठ गए, शर्तें मानने के बाद भी मुकर गए’ : पंकज चौधरी
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाए जाने की घोषणा के बाद उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने विपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। गुरुवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष संसद नहीं चलने देना चाहता और सड़क की राजनीति कर रहा है।
पंकज चौधरी ने दावा किया कि राहुल गांधी संसद में चर्चा करने के बजाय धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से विशेष सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारी उनसे बातचीत के लिए पहुंचे और उनकी ओर से रखी गई शर्तों को भी मान लिया गया, लेकिन इसके बावजूद राहुल गांधी अपने रुख से पीछे हट गए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सदन में नहीं बल्कि कैमरों के सामने राजनीति करना चाहते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष युवाओं को गुमराह कर रहा है और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर समाधान की बजाय राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर समस्या का समाधान संसद में संवाद और चर्चा से निकलता है। सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष को भी सदन चलाने में सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, NEET परीक्षा दोबारा कराकर छात्रों का भविष्य सुरक्षित किया गया और अब फास्ट-ट्रैक कोर्ट के माध्यम से दोषियों को जल्द से जल्द कठोर सजा दिलाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए युवाओं का भविष्य सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं।

