हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रोडवेज बस अड्डे पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान नेहा सिंह, पत्नी स्वर्गीय सर्वेश सिंह, निवासी खेतुई गांव (कोतवाली देहात क्षेत्र) के रूप में हुई है। हादसे के बाद बस अड्डे पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, नेहा सिंह एक निजी दवा कंपनी में कार्यरत थीं और उन्नाव के बांगरमऊ में आयोजित आधिकारिक बैठक में शामिल होने के लिए रोडवेज बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान कन्नौज डिपो और हरदोई डिपो की दो बसें एक साथ आगे बढ़ीं। इसी बीच नेहा दोनों बसों के अगले हिस्से के बीच फंस गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं घटना के तुरंत बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के परिजनों ने हादसे के लिए दोनों बस चालकों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि बस चालकों ने सामने मौजूद यात्रियों की ओर ध्यान दिए बिना वाहन आगे बढ़ा दिए, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। इस घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि करीब 10 वर्ष पहले नेहा सिंह के पति की भी दो वाहनों के बीच फंसकर मौत हो गई थी। अब इस हादसे के बाद परिवार के दो बच्चे माता-पिता दोनों को खो चुके हैं।
देखें घटना का विडियो :
https://youtube.com/shorts/Saw2HluKqqc?feature=share

