• info@thevaarta.com

बल्केश्वर मंदिर से लौट रही महिला को ऑटो में बैठाया, सुनसान जगह ले जाकर किया दुष्कर्म

बल्केश्वर मंदिर से लौट रही महिला को ऑटो में बैठाया, सुनसान जगह ले जाकर किया दुष्कर्म

आगरा में 50 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म और जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि वह बल्केश्वर महादेव मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसका परिचित ऑटो चालक मिला और घर छोड़ने की बात कहकर उसे ऑटो में बैठा लिया। ऑटो में पहले से एक अन्य युवक भी मौजूद था।

महिला के मुताबिक, कुछ दूर जाने के बाद ऑटो चालक ने रास्ता बदल दिया और उसे सुनसान इलाके की ओर ले गया। आरोप है कि वहां दोनों युवकों ने उसे चाकू दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

सड़क किनारे घायल हालत में मिली महिला
रिपोर्ट के अनुसार, वारदात के दौरान पुलिस वाहन के सायरन की आवाज सुनाई देने पर आरोपी मौके से भाग गए। महिला घायल हालत में सड़क किनारे पड़ी मिली। गश्त कर रही पुलिस की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद उसे एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। महिला के अनुसार, गंभीर चोटों के कारण उसे कई दिन बाद होश आया।

थानों के बीच भटकाने का आरोप
महिला का आरोप है कि घटना के बाद वह शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंची, लेकिन उसे एक थाने से दूसरे थाने भेजा जाता रहा। उसका कहना है कि थाना क्षेत्र को लेकर विवाद के कारण उसकी शिकायत पर तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।

मामले में पुलिस आयुक्त के निर्देश के बाद घटना के करीब डेढ़ महीने बाद प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार, महिला की ओर से दी गई शुरुआती तहरीर में दुष्कर्म का उल्लेख नहीं था। पुलिस का कहना है कि महिला के बयान के आधार पर मामले में आगे धाराएं बढ़ाई जाएंगी और कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कर रही मामले की जांच
एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा के मुताबिक, महिला घायल अवस्था में पुलिस रिस्पांस व्हीकल के कर्मचारियों को मिली थी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस का कहना है कि महिला की तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब उसके बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Related Articles

Leave a Reply