प्रियंका मिश्रा (डी.टी.)। गणपति उत्सव का माहौल आते ही घरों में भक्ति, उमंग और स्वादिष्ट पकवानों की खुशबू फैल जाती है। परिवार और दोस्तों के साथ मिलकर त्योहार मनाने का अपना अलग ही आनंद है। हालांकि, इस दौरान खान-पान में थोड़ी लापरवाही आपकी सेहत पर भारी पड़ सकती है। इसलिए गणपति बप्पा को घर लाने के साथ अपनी थाली में भी सेहत को जगह देना जरूरी है।
त्योहारों के दौरान अक्सर घर के खाने के साथ बाजार की मिठाइयां, तले-भुने स्नैक्स, फास्ट फूड और पैकेज्ड चीजें ज्यादा खाई जाती हैं। ऐसे खाद्य पदार्थों का बार-बार सेवन शरीर में जरूरत से ज्यादा कैलोरी, नमक और अस्वास्थ्यकर वसा पहुंचा सकता है। लंबे समय तक ऐसी आदत वजन बढ़ने और कोलेस्ट्रॉल व मेटाबॉलिक हेल्थ से जुड़ी समस्याओं का जोखिम बढ़ा सकती है।
त्योहार में थाली को बनाएं संतुलित
गणपति उत्सव के दौरान कोशिश करें कि भोजन में हरी सब्जियों और मौसमी फलों की मात्रा बढ़े। दाल, पनीर, स्प्राउट्स जैसे प्रोटीन से भरपूर विकल्प भोजन को ज्यादा संतुलित बना सकते हैं। गर्मी या उमस के मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए पर्याप्त पानी पीना भी जरूरी है। दही और छाछ जैसे विकल्प भी रोजमर्रा के भोजन में शामिल किए जा सकते हैं।
प्रसाद खाएं, लेकिन समझदारी के साथ
त्योहार का मतलब पसंदीदा प्रसाद और पकवानों से दूरी बनाना बिल्कुल नहीं है। मोदक या अन्य प्रसाद का स्वाद जरूर लें, लेकिन मात्रा और बार-बार खाने पर थोड़ा नियंत्रण रखें। छोटे पोर्शन में पसंदीदा चीजों का आनंद लेने से स्वाद भी बना रहता है और संतुलन भी। आखिर गणपति उत्सव खुशियां बांटने का पर्व है। इस बार पूजा, प्रसाद और उत्सव के साथ अपनी सेहत का भी ख्याल रखें, ताकि त्योहार की खुशियां लंबे समय तक बनी रहें।

