UP T20 League 2026: उत्तर प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांचक खबर है। UP T20 League के चौथे सीजन का आगाज 14 अगस्त से होने जा रहा है। लीग का उद्घाटन मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल 6 सितंबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होगा। लीग को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और इस बार युवा खिलाड़ियों के साथ दर्शकों को भी शानदार क्रिकेट देखने की उम्मीद है।
इकाना से शुरू होगा क्रिकेट का महासंग्राम
यूपीसीए की ओर से आयोजित इस लीग के मुकाबले मुख्य रूप से लखनऊ और कानपुर में खेले जाएंगे। भविष्य में टूर्नामेंट का विस्तार उत्तर प्रदेश के दूसरे शहरों तक करने की योजना भी है। आयोजन को आईपीएल की तर्ज पर पेशेवर अंदाज में आयोजित किया जाएगा, जिससे प्रदेश के उभरते क्रिकेटरों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल सके।
250 से ज्यादा खिलाड़ियों पर होगी बोली
लीग के आगामी ऑक्शन में 250 से अधिक खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजी की नजर रहेगी। खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग बेस प्राइस तय किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक 10 खिलाड़ियों का बेस प्राइस 5 लाख रुपये, 45 खिलाड़ियों का 3.50 लाख रुपये और बाकी खिलाड़ियों का बेस प्राइस 2.50 लाख रुपये रखा गया है। ऑक्शन का संचालन अभिनेता और एंकर अंगद बेदी करेंगे।
किस टीम के पास कितना पर्स?
ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजी के पास उपलब्ध रकम भी मुकाबले को दिलचस्प बना रही है। नोएडा सुपर किंग्स के पास सबसे बड़ा पर्स 80.60 लाख रुपये बताया गया है। इसके बाद कानपुर सुपरस्टार्स के पास 60 लाख, गोरखपुर लायंस के पास 55.90 लाख, काशी रुद्रास के पास 47.15 लाख, लखनऊ फाल्कंस के पास 30.20 लाख और मेरठ मावेरिक्स के पास 28.70 लाख रुपये उपलब्ध हैं।
महिला UP T20 League की भी तैयारी
UP T20 League के बढ़ते प्रभाव के बीच महिला क्रिकेट को भी मंच देने की तैयारी है। यूपीसीए के मुताबिक, इसी तर्ज पर जल्द महिला टी-20 लीग शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे प्रदेश की महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल सकता है।
JioHotstar पर देख सकेंगे मुकाबले
लीग का प्रसारण JioHotstar पर किया जाएगा। ऐसे में स्टेडियम पहुंचने वाले दर्शकों के अलावा घर बैठे क्रिकेट प्रशंसक भी पूरे टूर्नामेंट का आनंद ले सकेंगे। 14 अगस्त से शुरू होकर 6 सितंबर तक चलने वाली यह लीग उत्तर प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए बड़ा अवसर है।

