प्रयागराज। पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) एवं दलित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (DICCI) के संयुक्त तत्वावधान में प्रयागराज में राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के 48 MSME उद्यमियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लेकर सेवानिवृत्ति योजना और वित्तीय सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में PFRDA के उप महाप्रबंधक सुधीर सिंह, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर राहुल जी तथा एमएसएमई के सहायक आयुक्त वी.के. मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वक्ताओं ने एनपीएस के कर लाभ, दीर्घकालिक वित्तीय सुरक्षा और कर्मचारी कल्याण में इसकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उद्यमियों से स्वयं एवं अपने कर्मचारियों को एनपीएस से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा एनपीएस नामांकन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई। आयोजकों ने इसे एमएसएमई क्षेत्र में वित्तीय जागरूकता और सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।


