बाराबंकी। हैदरगढ़ के ब्रहनान मोहल्ले में शुक्रवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ शुरू हुआ। पहले दिन मूसलाधार चक्रवाती बारिश के बीच भी महिलाओं और स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे के साथ मंगल कलश यात्रा निकाली।
कलश यात्रा कथा स्थल पर पूजन के बाद शुरू हुई। पीले और लाल कपड़े पहने महिलाएं सिर पर पानी से भरे कलश लेकर चलीं। रास्ते में ‘जय श्री कृष्णा’, ‘राधे-राधे’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाए गए।
पूरी यात्रा में बेमौसम बरसात के बाद भी लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। सैकड़ों की तादात में लोग रायबरेली रोड स्थित इंडियन बैंक से औसानेश्वर मोड़ तक पैदल चले।
यात्रा के बाद कार्यक्रम स्थल पर वैदिक मंत्रों के साथ कलश स्थापित किए गए। कथा वाचक पंडित अजय शास्त्री महराज ने श्रीमद्भागवत कथा का महत्व बताया। उन्होंने कहा, “भागवत कथा मानव जीवन को सही दिशा दिखाने वाली कल्याणकारी धारा है। इसके श्रवण मात्र से मन की शुद्धि होती है और जीवन के कष्टों का निवारण होता है।”
आयोजक शैलेन्द्र तिवारी के मुताबिक, कथा में भगवान श्रीकृष्ण के बाल-चरित्र, गोवर्धन लीला, कंस वध और रुक्मिणी विवाह के प्रसंग सुनाए जाएंगे। 6 नवंबर 2026 को पूर्णाहुति के बाद भंडारा आयोजित होगा।
कलश यात्रा में तिवारी परिवार के सदस्यों शिव चंद्र, प्रेम चंद्र, प्रदीप, विनीत, सुनील, सतेंद्र आदि के अलावा भाजपा मंडल अध्यक्ष राजत मिश्रा, भाजपा नेता पंकज दीक्षित, राहुल दीक्षित, सभासद शिवा वर्मा, अधिवक्ता अनुराग श्रीवास्तव, पंकज सिंह, दिलीप द्विवेदी आदि मौजूद रहें।

